Rinku Priya Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह जल्द ही समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

शादी से पहले रिंकू सिंह ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान क्रिकेटर ने प्रधानमंत्री का आशीर्वाद भी लिया। दोनों की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ में होने वाली है।
रिंकू सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है। उन्होंने इस खास मुलाकात पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
रिंकू ने लिखा कि परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलना, उन्हें शादी में आमंत्रित करना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सम्मान और खुशी की बात है।
CM योगी आदित्यनाथ को भी मिला निमंत्रण
इससे पहले रिंकू सिंह के परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया था। रिंकू की मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। परिवार ने मुख्यमंत्री को विवाह का कार्ड सौंपा।
4 दिसंबर को लखनऊ में होगी शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी लखनऊ के रमाडा होटल में आयोजित होगी। समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हैं।
जून 2025 में हुई थी दोनों की सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं।
सोशल मीडिया से शुरू हुई प्रेम कहानी
रिंकू सिंह के मुताबिक, उनकी और प्रिया की बातचीत कोविड महामारी के दौरान सोशल मीडिया से शुरू हुई थी। धीरेधीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। वर्ष 2022 में उनका रिश्ता और गहरा हुआ। प्रिया कई बार स्टेडियम में रिंकू सिंह का उत्साह बढ़ाते हुए भी नजर आई हैं।