बंगाल की खाड़ी का मौसम लगातार चर्चा में है. पहले अर्नब चक्रवात फिर मुरासु और अब अकवान चक्रवात को लेकर चेतावनी दी गई है. सामान्य आदमी अब आए दिन आने वाले अलगअलग चक्रवात से चिंतित भी है और यह सवाल भी पूछ रहा है आखिर बंगाल की खड़ी में इतनी बड़ी संख्या में चक्रवात क्यों आ रहे हैं? यह चिंता खास तौर से समुद्री सीमा वाले राज्यों के लिए खास है.

हालांकि, इस सवाल का जवाब का कोई सीधासपाट जवाब नहीं है. न ही कोई एक कारण है. समुद्र का तापमान, हवा की चाल, वातावरण में नमी और मौसमी बदलाव मिलकर चक्रवात बनने के लिए अनुकूल स्थितियां बनाते हैं. साथ ही, इस क्षेत्र में अक्टूबर से दिसंबर तक चक्रवात बनने का मौसम पहले से सक्रिय रहता है.
ऐसे तूफान हमें सतर्क रहने को प्रेरित करते हैं. इसी दौरान साल 2025 में भी तीन चक्रवात बने थे. इनमें मोंथा 25 से 30 अक्तूबर के बीच, दितवाह 26 नवंबर से तीन दिसंबर के बीच बना था. 25 से 27 नवंबर के बीच सेनयार चक्रवात भी बना था लेकिन यह बंगाल की खाड़ी में सीधे असर न देकर मलक्का जलडमरुमध्य में बना था.
आखिर लगातार तीन तूफान क्यों?
अक्तूबर में अर्नब आया. नवंबर की शुरुआत में मुरासु आंध्र प्रदेश के तट को प्रभावित कर चुका है. अब अकवान को बंगाल की खाड़ी में सक्रिय बताया गया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में इसके और मजबूत होने तथा आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई थी. इन घटनाओं से यह जरूर दिखता है कि तटीय इलाकों को कम समय में बारबार खतरे का सामना करना पड़ सकता है. लेकिन केवल तीन तूफान की खबर से यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि चक्रवातों की संख्या हर साल बढ़ रही है. ऐसा दावा करने के लिए लंबे समय के मौसम संबंधी आंकड़ों और वैज्ञानिक अध्ययन की जरूरत है.
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने का मौसम
उत्तर हिंद महासागर में चक्रवात बनने के दो प्रमुख मौसम माने जाते हैं. एक मौसम गर्मियों से पहले, अप्रैल से जून के बीच आता है. दूसरा मानसून के बाद, अक्टूबर से दिसंबर तक रहता है. नवंबर इस दूसरे मौसम का हिस्सा है. मानसून लौटने के बाद हवा की दिशा और वातावरण की स्थिति बदलती है. समुद्र में गर्मी और नमी मौजूद रह सकती है. यदि इसके साथ कम दबाव का क्षेत्र बने और ऊपर की हवाएं तूफान को बिखेरें नहीं, तो चक्रवात बनने की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए एक के बाद एक तूफान आना अपने आप में मौसम के सामान्य मौसमी चक्र से बाहर की बात नहीं है. चिंता इस बात की है कि इस बार तूफानों का रास्ता और प्रभाव किन इलाकों पर पड़ रहा है?
मुरासु चक्रवात से पहले आंध्र प्रदेश में कुछ ऐसे हालात बने थे.
गर्म समुद्र देता है ऊर्जा
गर्म समुद्र और उससे उठने वाली नमी से चक्रवात को ऊर्जा मिलती है. गर्म पानी से ज्यादा वाष्प हवा में जाती है. यह नम हवा ऊपर उठती है और ठंडी होकर बादल बनाती है. बादल बनने की प्रक्रिया में गर्मी निकलती है. यह गर्मी तूफान के भीतर हवा के उठने और मौसम प्रणाली को संगठित रखने में मदद कर सकती है. समुद्र का तापमान अकेले यह तय नहीं करता कि चक्रवात बनेगा या नहीं. लेकिन गर्म पानी और पर्याप्त नमी मौजूद हों, तो बाकी अनुकूल परिस्थितियों के साथ मिलकर तूफान को ताकत मिल सकती है.
समुद्र की सतह के साथ यह भी मायने रखता है कि गर्म पानी कितनी गहराई तक मौजूद है. यदि तूफान के नीचे गहराई तक गर्म पानी हो, तो तेज हवाओं से सतह का पानी मिल जाने पर भी उसे ऊर्जा मिलती रह सकती है.
सायक्लोन कई राज्यों में तबाही लेकर आया था. फोटो: PTI
कम दबाव और पृथ्वी का घूमना
चक्रवात अक्सर समुद्र के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र से विकसित होते हैं. गर्म और नम हवा ऊपर उठती है. सतह के पास दबाव कम होता है. आसपास की हवा उस जगह की ओर आने लगती है. पृथ्वी के घूमने के कारण आने वाली हवा मुड़ती है. इससे सिस्टम में घुमाव बन सकता है. भूमध्य रेखा के बहुत पास पृथ्वी के घूमने का यह प्रभाव कमजोर होता है. इसलिए वहां चक्रवात बनने की संभावना कम रहती है. चक्रवात को आकार लेने के लिए हवा का पर्याप्त घूमना और बादलों का एक जगह व्यवस्थित होना जरूरी है.
ऊपरी हवाएं भी तय करती हैं तूफान की ताकत
समुद्र के पास चलने वाली हवा और ऊपर के वातावरण में चलने वाली हवा की गति या दिशा में बहुत ज्यादा अंतर हो, तो चक्रवात का ढांचा बिगड़ सकता है. इसे ऊर्ध्वाधर पवन कतरन कहा जाता है. यदि यह अंतर कम हो, तो तूफान के बादल अपने केंद्र के आसपास बेहतर ढंग से संगठित रह सकते हैं. इसके अलावा वातावरण में नमी और बड़े पैमाने पर चलने वाली मौसम प्रणालियां भी असर डालती हैं. मसलन, उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में बादल, बारिश और हवाओं की गतिविधि के साथ चलने वाले मौसमी बदलाव बंगाल की खाड़ी में संवहन को प्रभावित कर सकते हैं. इन सभी स्थितियों का मेल हर बार एक जैसा नहीं होता.
चक्रवात ‘अर्नब’ ने कहर बरपाया था. फोटो: PTI
अल नीनो या जलवायु परिवर्तन ही एकमात्र वजह नहीं
अल नीनो प्रशांत महासागर के तापमान से जुड़ी एक मौसमी घटना है. यह दूरदूर तक हवा और बारिश के पैटर्न को प्रभावित कर सकती है. मौसम विशेषज्ञों ने इस वर्ष के तूफानी दौर के संदर्भ में अल नीनो और हिंद महासागर की स्थितियों का उल्लेख किया है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी एक तूफान का कारण केवल अल नीनो ही है. किसी चक्रवात का बनना और उसका रास्ता कई परिस्थितियों पर निर्भर करता है.
समुद्र का तापमान, हवाओं का रुख, नमी और आसपास की अन्य मौसम प्रणालियां मिलकर असर डालती हैं. इसी तरह, कम समय में आए तीन तूफान जलवायु परिवर्तन का पक्का प्रमाण नहीं हैं. जलवायु परिवर्तन के असर को समझने के लिए दशकों के आंकड़ों का अध्ययन करना पड़ता है. फिर भी गर्म होते समुद्र और बदलते मौसम के पैटर्न पर वैज्ञानिक लगातार नजर रखते हैं.
अकवान चक्रवात से पहले का हाल
VIDEO | Andhra Pradesh: Visuals from RK Beach, Visakhapatnam.
The cyclonic storm named ‘Akvan’ forming over parts of Bay of Bengal is expected to intensify into a severe cyclonic storm, the Meteorological Department said on Tuesday. Under the influence of the cyclone, heavy rainfall is forecast in parts of Andhra Pradesh.
#CycloneAkvan #AndhraPradesh
— Press Trust of India November 18, 2026
तूफानों की संख्या से ज्यादा जरूरी है उनका असर
किसी क्षेत्र में बारबार चक्रवात बनना और हर चक्रवात का ज्यादा विनाशकारी होना एक ही बात नहीं है. नुकसान इस पर निर्भर करता है कि तूफान कितना शक्तिशाली है, किस दिशा में बढ़ता है, कितनी बारिश लाता है और किस जगह तट से टकराता है. समुद्र में ऊंची लहरें, तटीय बाढ़, तेज हवा और लगातार बारिश अलगअलग तरह के खतरे पैदा कर सकते हैं. लगातार तूफानों से राहत और बहाली का काम भी कठिन हो सकता है.
एक इलाके को पहले तूफान से उबरने का समय न मिले, तो अगली भारी बारिश या तेज हवा का असर ज्यादा महसूस हो सकता है. किसानों की फसल, मछुआरों की आजीविका, सड़कें, बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.
तैयारी ही नुकसान घटाने का सबसे मजबूत तरीका
तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों पर ध्यान देना जरूरी हो चला है. मछुआरों को समुद्र में जाने से जुड़ी सलाह का पालन करना चाहिए. भारी बारिश या बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में लोगों को पहले से सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखनी चाहिए. जरूरी दवाएं, पीने का पानी और फोन चार्ज रखने जैसे छोटे कदम भी आपात स्थिति में काम आते हैं.
अर्नब, मुरासु और अकवान की कड़ी यह याद दिलाती है कि बंगाल की खाड़ी का चक्रवाती मौसम कितनी जल्दी गंभीर हो सकता है. वैज्ञानिक कारणों को समझना जरूरी है, लेकिन हर नए तूफान का खतरा उसकी ताजा दिशा और तीव्रता से तय होता है. इसलिए सुर्खियों से आगे बढ़कर आधिकारिक मौसम चेतावनी पर भरोसा करना और समय रहते तैयारी करना सबसे अहम है.