Muslim Sisters Nikah News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र में दो मुस्लिम बहनों के निकाह का मामला पिछले कुछ दिनों से चर्चा में है। दरअसल, दोनों बहनों के निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने की वजह से कई तरह के सवाल उठाए जाने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि परिवार को शादी रुकवाने की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद दोनों बहनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी।

हालांकि, सुरक्षा के बीच अब उनका निकाह संपन्न हो चुका है।
क्या था निकाह के कार्ड को लेकर पूरा विवाद?
गंगोह क्षेत्र की रहने वाली दो मुस्लिम बहनों के निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्ड में दूल्हों के नाम अनिल और संजय लिखे होने की वजह से विवाद शुरू हो गया। इस पर सवाल उठाए जाने लगे। हालांकि, दोनों बहनों का कहना था कि उनके होने वाले पति मुस्लिम हैं और उनके परिवार में पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कार्ड को लेकर तरहतरह की चर्चाएं होने लगीं।
गार्डन संचालक को मिली थी शादी रुकवाने की धमकी
कार्ड वायरल होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी समारोह के लिए बुक किए गए गार्डन के संचालक को फोन किया था। आरोप है कि फोन करने वाले ने निकाह समारोह नहीं कराने की चेतावनी दी। साथ ही हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराने की धमकी भी दी गई थी।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों की चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंची दोनों दूल्हों की बारात
विवाद और धमकियों के बीच गुरुवार को दोनों बहनों का निकाह संपन्न हुआ। हरियाणा के हिसार जिले के छोटी सातरोड थाना क्षेत्र से अनिल की बारात गंगोह पहुंची। वहीं, जींद के माही क्षेत्र से संजय भी बारात लेकर बैंक्विट हॉल पहुंचा। दोनों बारातों का स्वागत किया गया और शादी समारोह की रस्में की गईं।
शादी समारोह तैनात रहा सुरक्षा बल
निकाह समारोह को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल रहा। हालांकि, सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में होने और पहले मिल चुकी धमकियों को देखते हुए पुलिसप्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों बहनों की निकाह की रस्में की गई।