Paramjeet Dhankhar Murder: हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ की हत्या का CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में आरोपी मोनू शर्मा घर के अंदर और बाहर परमजीत पर गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। धनतेरस की रात आरोपी ने एक पिस्टल से 15 राउंड फायर किए। इनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के दौरान परमजीत की बहन उन्हें बचाने पहुंची। आरोपी ने उसके सामने ही पिस्टल की मैगजीन बदली और दोबारा फायरिंग की। इसके बाद बहन को पत्नी समझकर कहा ‘दिवाली मुबारक हो विधवा।’ करीब 2 मिनट के इस CCTV फुटेज में पूरी वारदात दिखाई दे रही है।

#Faridabad: CCTV footage of the chilling murder of Paramjeet surfaces. Paramjeet was shot dead on the night of Dhanteras. The CCTV footage capturing the incident has now emerged. #FaridabadMurder #HaryanaNews https://t.co/fgfrCP4DPZ
— Atulkrishan November 11, 2026
गेट पर बुलाकर शुरू किया विवाद
6 नवंबर की रात करीब 9 बजे आरोपी मोनू शर्मा सेक्टर21C की बिल्डिंग के गेट पर पहुंचा और परमजीत को बुलाने लगा। परमजीत अपने बेटे के साथ बाहर आए। इसके बाद पार्किंग एरिया में दोनों के बीच बहस हुई। परमजीत के बेटे शौर्य ने आरोपी को हाथ दिखाकर चुप रहने के लिए कहा। इसी दौरान मोनू ने जेब से लोडेड पिस्टल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। पिता को गोली लगते देख शौर्य वहां से भागा और चिल्लाने लगा।
गोलियां लगने के बाद भी भागे परमजीत
परमजीत को बिल्डिंग के अंदर ही 4 से 5 गोलियां लग चुकी थीं। इसके बावजूद उन्होंने जान बचाने के लिए बाहर भागने की कोशिश की। वह बिल्डिंग का गेट बंद करना चाहते थे, लेकिन गोलियां लगने के कारण ऐसा नहीं कर सके। इस दौरान मोनू गाली देते हुए उन पर फायरिंग करता रहा। परमजीत ने आरोपी को पकड़कर उससे हथियार छीनने की कोशिश भी की। दोनों जमीन पर गिर गए, लेकिन मोनू खुद को छुड़ाने में कामयाब रहा।
बहन के सामने बदली मैगजीन
परमजीत को बचाने के लिए परिवार की एक महिला नीचे आई और उन्हें उठाने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल की मैगजीन बदली और दोबारा गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक, परमजीत को 4 गोलियां घर के बाहर मारी गई थीं।
बहन से बोला दिवाली मुबारक हो विधवा
परमजीत को उठाने की कोशिश कर रही महिला उनकी बहन थी, लेकिन आरोपी उसे अपनी पत्नी समझ बैठा। उसने बहन के सामने ही कहा ‘दिवाली मुबारक हो विधवा।’ इसके बाद उसने फिर पिस्टल लोड की और चिल्लाते हुए कहा कि आज सबको मारकर जाऊंगा। फिर वह मौके से फरार हो गया।
चार साल से चल रहा था विवाद
पुलिस ने आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर30 की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस अब तक दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 67 कारतूस बरामद कर चुकी है। आरोपी की निशानदेही पर 6 कारतूस वाली एक मैगजीन भी मिली है।
परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे। वह सिंगापुर की एक कंपनी में COO के पद पर तैनात थे। परिवार के साथ सेक्टर21C की बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर रहते थे, जबकि मोनू तीसरे फ्लोर पर रहता था और स्क्रैप का कारोबार करता था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा था। इसकी शुरुआत मोनू के जर्मन शेफर्ड कुत्ते को लेकर हुई थी। आरोप है कि उसका नौकर परमजीत के घर के सामने कुत्ते को शौच कराता था। बाद में गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग को लेकर भी झगड़े हुए।
धनतेरस की सुबह परमजीत के बेटे शौर्य और मोनू के बीच पार्किंग का गेट तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि मोनू ने गालीगलौज की थी। इसके बाद अनखीर चौकी में शिकायत दी गई और परमजीत जिम से सीधे चौकी पहुंचे थे। मोनू ने पुलिस को बताया कि चौकी में परमजीत के साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसने रात में हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।