Kirti Azad Ram Controversy: भगवान राम और मां सीता को लेकर TMC सांसद कीर्ति आजाद की टिप्पणी पर सियासी विवाद बढ़ गया है। बीजेपी सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कीर्ति आजाद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने TMC नेताओं की रामायण और महाभारत जैसे प्राचीन ग्रंथों की समझ पर सवाल उठाए। त्रिवेदी ने कीर्ति आजाद को TMC का ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ सदस्य तक कह दिया।

सुधांशु त्रिवेदी ने क्या कहा?
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि रामायण और महाभारत का संदेश सिर्फ राक्षसी शक्तियों पर दैवीय शक्तियों की जीत तक सीमित नहीं है। दोनों ग्रंथों में एक महिला के सतीत्व की शक्ति को भी दिखाया गया है।
उन्होंने कहा, ”रामायण और महाभारत दोनों का अंत राक्षसी शक्तियों पर दिव्य शक्तियों की जीत के बारे में नहीं है, बल्कि भगवान की दिव्यता पर भी एक महिला के सतीत्व की जीत के बारे में है। यह TMC के लोगों को, विशेष रूप से इसके ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ सदस्यों को समझ नहीं आएगा।”
समिक भट्टाचार्य ने भी की टिप्पणी की निंदा
पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी कीर्ति आजाद के बयान की आलोचना की। उन्होंने भगवान राम की मां सीता के प्रति भक्ति का जिक्र करते हुए लंका तक उनकी यात्रा और रामसेतु निर्माण की बात कही।
भट्टाचार्य ने कहा कि विवाह के पहले दिन ही भगवान राम ने सीता से वादा किया था कि वे कभी दूसरा विवाह नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम के बारे में इस तरह की बातें कहने का जवाब देश की जनता देगी।
कीर्ति आजाद ने क्या कहा था?
दरअसल, TMC सांसद कीर्ति आजाद ने अयोध्या के राम मंदिर नहीं जाने की बात कहकर विवाद खड़ा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भगवान राम ने अग्निपरीक्षा के बाद भी मां सीता का त्याग कर दिया था।
मिथिला क्षेत्र से आने वाले कीर्ति आजाद ने इसी संदर्भ में भगवान राम के लिए इस्तेमाल होने वाली ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ की उपाधि पर सवाल उठाए थे। उन्होंने मां काली के प्रति अपनी भक्ति भी जाहिर की थी।
ये खबर भी पढ़ें:
राम मंदिर को लेकर बढ़ी सियासी बयानबाजी
इस बयान के बाद BJP नेताओं ने TMC सांसद को घेरना शुरू कर दिया है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिसंबर में प्रस्तावित अयोध्या दौरे की चर्चा है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और भगवान राम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है।
ये खबर भी पढ़ें: