चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के अनुसार, दिवाली के दौरान दिल्ली में लगभग 300 करोड़ रुपये के पटाखे बिके. व्यापारियों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में बिक्री में करीब 30% की बढ़ोतरी हुई है, और दिवाली से एक दिन पहले ही ज्यादातर दुकानों का स्टॉक खत्म हो गया था. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर किस तरह के आंकड़े सामने आए हैं.

300 करोड़ रुपए की हुई पटाखों की सेल
सीटीआई के अनुमान के अनुसार, इस दिवाली सीजन में दिल्ली में पटाखों की कुल बिक्री लगभग 300 करोड़ रुपए रही. अधिकतर व्यापारियों का स्टॉक दिवाली से एक दिन पहले ही समाप्त हो गया था, और कई खरीदारों को पटाखे खरीदने के लिए गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और सोनीपत तक जाना पड़ा. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्लीएनसीआर में केवल सीएसआईआरनीरी प्रमाणित, क्यूआर कोड वाले ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी थी. इसलिए लाइसेंस प्राप्त दुकानों पर जो भी बिक्री हुई, वह ग्रीन पटाखों के नाम पर ही हुई. 300 करोड़ रुपये में से कितना हिस्सा प्रमाणित ग्रीन था और कितना पारंपरिक था, इसका आधिकारिक रूप से ऑडिट किया गया विवरण बताना मुश्किल है.
क्या पिछले साल की तुलना में बिक्री बढ़ी?
व्यापारियों ने बताया कि इस साल पिछले साल की तुलना में लगभग 30 फीसदी अधिक पटाखों की बिक्री देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर पटाखों को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. बड़ी संख्या में ग्राहकों ने विशेष रूप से “ग्रीन पटाखे, क्यूआर कोड वाला” मांगा, क्योंकि उन्हें पता था कि केवल वही कानूनी हैं. वहीं, व्यापारियों का कहना है कि हम व्यापारी हैं, रसायनज्ञ नहीं. हम नीरीरजिस्टर्ड ब्रांडों से खरीदते हैं और पैकेट पर क्यूआर कोड देखते हैं. लेकिन आम ग्राहक ग्रीन और पारंपरिक में अंतर नहीं समझ पाता.
किस तरह का देखने को मिला ट्रेंड
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली में पटाखों को लेकर किस तरह का ट्रेंड देखने को मिला. क्या लोगों ने ग्रीन पटाखों की डिमांड ज्यादा दिखाई. या फिर ट्रेडिशनल पटाखों की ओर जोर ज्यादा देखा गया. जानकारी के अनुसार अनुमति मिलते ही लाइसेंस प्राप्त दुकानों पर ग्रीन पटाखों के लिए स्पष्ट भीड़ उमड़ पड़ी. व्यापारियों ने कहा कि न्यायालय के आदेश के तुरंत बाद मांग बढ़ गई. वहीं दूसरी ओर एक सर्वेक्षण के अनुसार, दिल्लीएनसीआर में पटाखे जलाने वाले परिवारों में से लगभग आधे ने ग्रीन और पारंपरिक दोनों तरह के पटाखे जलाए.
सीटीआई ने क्या कहा…
सीटीआई ने कहा कि कंज्यूमर ग्रीन पटाखे खरीदना चाहता था, व्यापारी ग्रीन बेचना चाहता था, लेकिन बहुत कम बिक्री का समय, देर से लाइसेंसिंग, क्यूआर वेरिफिकेशन की कोई व्यवस्था न होना और देरी से परमिशन के कारण ने पूरी व्यवस्था को बिगाड़ दिया. यदि समय पर परमिशन एवं लाइसेंसिंग, स्पष्ट क्यूआर वेरिफिकेशन और पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो अगले साल 100% प्रमाणित ग्रीन बिक्री संभव है.