Tesla ने भारत में अपनी नई Roadster के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है. कंपनी के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक कार का प्रोडक्शन 2028 में शुरू होगा. इसके साथ ही Tesla ने अपनी छह सीटों वाली SUV Model Y L के लिए भी बड़ा अपडेट दिया है. अब इस गाड़ी में ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त कीमत के Acceleration Boost मिलेगा, जिससे इसकी रफ्तार बढ़ाने की क्षमता बेहतर हो जाएगी.

2028 में शुरू होगा Tesla Roadster का प्रोडक्शन
Tesla ने 17 अक्टूबर 2026 को भारत समेत कुछ चुनिंदा देशों में नई की बुकिंग शुरू करने की घोषणा की. अमेरिका में भी इसके लिए रिजर्वेशन किए जा सकते हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी इस कार की कीमत का खुलासा नहीं किया है. Tesla Roadster तीन वेरिएंट्स परफॉर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट में उपलब्ध होगी. इसके परफॉर्मेंस वेरिएंट को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर 5.01 लाख रुपये देकर रिजर्व किया जा सकता है. हालांकि, बुकिंग के बाद अगले 10 दिनों के भीतर 45,05,000 रुपये की बाकी रकम भी जमा करनी होगी. इस तरह, परफॉर्मेंस वेरिएंट को रिजर्व करने के लिए कुल खर्च करीब 50.06 लाख रुपये होगा.
Tesla के अनुसार, Roadster का प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने की योजना है. शुरुआत में यह कार केवल लेफ्टहैंडड्राइव यानी बाईं तरफ स्टीयरिंग वाले मॉडल में उपलब्ध होगी. भारत में इसकी बिक्री और उपलब्धता स्थानीय नियमों और कानूनी जरूरतों पर निर्भर करेगी.
कंपनी ने बताया कि Roadster के डिजाइन को SR71 विमान और F35 फाइटर जेट से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है. Tesla का दावा है कि इसकी परफॉर्मेंस कंपनी के Plaid मॉडल्स से भी आगे होगी. इसमें SpaceX से जुड़े कंपोनेंट्स का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग का अलग अनुभव देने की बात कही गई है. हालांकि, कंपनी ने फिलहाल इसकी पूरी तकनीकी जानकारी और भारत में कीमत नहीं बताई है.
Model Y L को मुफ्त मिलेगा Acceleration Boost
Tesla India ने अपनी छह सीटों वाली इलेक्ट्रिक के लिए complimentary Acceleration Boost की सुविधा शुरू की है. इस अपग्रेड के बाद SUV 0 से 100 kmph की रफ्तार सिर्फ 4.5 सेकंड में पकड़ सकती है.
कंपनी के मुताबिक, Model Y L एक बार फुल चार्ज होने पर WLTP टेस्टिंग के आधार पर 681 km तक की रेंज दे सकती है. यह आंकड़ा टेस्टिंग के मानकों पर आधारित है. असल इस्तेमाल में ड्राइविंग स्टाइल, मौसम और सड़क की स्थिति के कारण रेंज अलग हो सकती है.
Tesla Model Y और Model Y L की कीमत
भारत में Tesla Model Y की शुरुआती कीमत ₹50.89 लाख रखी गई है. वहीं, बड़ी छह सीटों वाली Model Y L की कीमत ₹61.99 लाख है.
Model Y खरीदने के लिए ₹6 लाख डाउन पेमेंट और ₹39,990 से शुरू होने वाली मासिक EMI का विकल्प दिया गया है. Model Y L के लिए डाउन पेमेंट ₹6.5 लाख है, जबकि EMI ₹49,990 प्रति माह से शुरू होती है. Tesla के मुताबिक, ये अनुमानित EMI सात साल की अवधि और 8.5% सालाना दर वाले स्टेपअप प्लान पर आधारित हैं. वास्तविक किस्त ग्राहक की फाइनेंसिंग शर्तों और लोन मंजूरी के हिसाब से बदल सकती है.
फिलहाल भारत में Tesla की बिक्री के लिए Model Y और Model Y L उपलब्ध हैं. कंपनी के Refer and Earn प्रोग्राम के तहत मौजूदा ग्राहक सफल रेफरल पर ₹11,000 के क्रेडिट पा सकते हैं. वहीं, नए खरीदारों को Tesla खरीदने पर ₹22,000 की छूट मिल सकती है.
भारत में चार्जिंग नेटवर्क भी बढ़ा रही Tesla
Tesla के मुताबिक, भारत में उसके 20 Supercharger stalls और 28 Destination Charger stalls चल रहे हैं. कंपनी 2026 के अंत तक तीन और जगहों पर चार्जिंग सुविधा शुरू करने की योजना बना रही है. इसके अलावा, 23 राज्यों में घर पर चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. ग्राहक नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, चेन्नई, पुणे, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई में Tesla के एक्सपीरियंस सेंटर पर जाकर 2026 Model Y Premium RearWheel Drive और Model Y L की टेस्ट ड्राइव बुक कर सकते हैं.कंपनी ने यह भी बताया कि उसके वाहनों को अमेरिका की NHTSA और IIHS, यूरोप की Euro NCAP, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की ANCAP और चीन की CIASI जैसी संस्थाओं से सेफ्टी रेटिंग मिली हैं.