Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है. नॉलेज पार्क इलाके में स्थित एक हॉस्टल के कमरे में BCA प्रथम वर्ष के छात्र का शव फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

कन्नौज का रहने वाला था छात्र
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान निशांत शाक्य के रूप में हुई है. वह कन्नौज जिले के सौरिख का रहने वाला था और एक निजी यूनिवर्सिटी में BCA प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. निशांत नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक हॉस्टल में अपने रूम पार्टनर के साथ रहता था. बताया जा रहा कि गुरुवार सुबह उसका रूम पार्टनर किसी काम से बाहर गया था. कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया.
खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका मिला छात्र
कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर रूम पार्टनर ने खिड़की से अंदर झांककर देखा. इस दौरान निशांत पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद हॉस्टल संचालक को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्र को नीचे उतारा. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला.
मोबाइल और लैपटॉप कब्जे में
पुलिस ने जांच के लिए छात्र का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों का कहना है कि इनकी जांच से घटना से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां मिल सकती हैं. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है.
एसीपी कृष्ण पाल सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है. छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है. उनके आने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.