अगर आपने नौकरी छोड़ दी है और आपके PF खाते में पिछले 3 साल से कोई पैसा जमा नहीं हुआ है, तो जरूरी नहीं कि आपका खाता बंद हो गया हो. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने साफ किया है कि सिर्फ 3 साल तक पैसा जमा नहीं होने से हर पीएफ खाता इनऑपरेटिव नहीं हो जाता. इसके लिए कुछ खास शर्तें तय की गई हैं.

EPFO ने अपने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए इन नियमों की जानकारी दी है. साथ ही बताया है कि किन परिस्थितियों में पीएफ खाते पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है और कर्मचारी अपनी पुरानी जमा रकम कैसे निकाल सकते हैं.
कब इनऑपरेटिव हो जाता है PF अकाउंट?
नियमों के मुताबिक, किसी पीएफ खाते में लंबे समय तक पैसा जमा नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि वह तुरंत इनऑपरेटिव हो जाएगा. खाता कब निष्क्रिय माना जाएगा, यह कर्मचारी की उम्र और नौकरी छोड़ने की वजह पर निर्भर करता है.
1. 55 साल या उससे ज्यादा उम्र में रिटायरमेंट: अगर कोई कर्मचारी 55 साल या उससे ज्यादा उम्र में रिटायर होता है और आखिरी योगदान के बाद 36 महीने तक पीएफ की रकम नहीं निकालता है, तो उसका खाता इनऑपरेटिव हो सकता है.
2. नौकरी छोड़ने के बाद 55 साल से कम उम्र: अगर कोई कर्मचारी 55 साल की उम्र से पहले नौकरी छोड़ देता है और उसके पीएफ खाते में नया पैसा जमा नहीं होता, तब भी खाते पर ब्याज मिलता रहेगा. ऐसे खाते में कर्मचारी के 58 साल का होने तक ब्याज मिलता रह सकता है.
3. विदेश में स्थायी रूप से बसना: अगर कोई कर्मचारी स्थायी रूप से विदेश चला जाता है और उसके पीएफ खाते में योगदान बंद हो जाता है, तो आखिरी योगदान के 36 महीने बाद खाता इनऑपरेटिव हो सकता है.
4. कर्मचारी की मृत्यु: अगर पीएफ खाताधारक की मृत्यु हो जाती है और उसके परिवार या नॉमिनी की ओर से 36 महीने तक पैसे निकालने का दावा नहीं किया जाता, तो खाता इनऑपरेटिव हो सकता है.
5. बैंक खाते में गड़बड़ी: अगर पीएफ निकालने के लिए आवेदन किया गया, लेकिन गलत या बंद बैंक खाते की वजह से पैसा वापस ईपीएफओ के पास आ गया और 36 महीने तक उसका दावा नहीं किया गया, तो भी खाता इनऑपरेटिव हो सकता है.
इनऑपरेटिव होने पर क्या PF का पैसा डूब जाता है?
नहीं, पीएफ खाता इनऑपरेटिव होने का मतलब यह नहीं है कि उसमें जमा आपकी रकम खत्म हो गई है. कर्मचारी या उसके पात्र परिवार के सदस्य नियमों के मुताबिक इस रकम पर दावा कर सकते हैं. हालांकि, खाता इनऑपरेटिव होने के बाद उस पर ब्याज मिलना बंद हो सकता है. इसलिए कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने पुराने पीएफ खाते की स्थिति जरूर चेक करें और समय पर रकम निकालें या नए खाते में ट्रांसफर करें.
ऐसे निकाल सकते हैं पुराने PF खाते का पैसा
अगर आपका पुराना पीएफ खाता इनऑपरेटिव हो गया है, तब भी आप ऑनलाइन अपनी रकम निकालने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
- सबसे पहले ईपीएफओ के मेंबर ईसेवा पोर्टल पर जाएं.
- अपने UAN और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें.
- अपना आधार, पैन, बैंक अकाउंट और दूसरी केवाईसी जानकारी चेक करें.
- यह सुनिश्चित करें कि आपका बैंक खाता चालू है और उसकी जानकारी सही है.
- अगर आप पूरी पीएफ रकम निकालना चाहते हैं, तो ऑनलाइन फॉर्म 19 के जरिए आवेदन करें.
- आवेदन स्वीकार होने के बाद रकम आपके वेरिफाई बैंक अकाउंट में भेज दी जाएगी.
अगर आप नई कंपनी में नौकरी कर रहे हैं और आपका नया पीएफ खाता भी खुला हुआ है, तो पुरानी रकम निकालने के बजाय उसे नए खाते में ट्रांसफर करना बेहतर विकल्प हो सकता है. इसके लिए फॉर्म 13 का इस्तेमाल किया जाता है.