2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने पीडीए का नारा दिया था. यूपी में यह नारा हिट रहा था, लेकिन पीडीए को लेकर अखिलेश पर बारबार सवाल उठ रहे थे. खासकर पीडीए के ए को लेकर. असदुद्दीन ओवैसी समेत कई मुस्लिम नेताओं का कहना था कि पीडीए के ए यानी अल्पसंख्यक में झोल है. अखिलेश के पीडीए से ए गायब है. हालांकि, अब 2 साल बाद अखिलेश के पीडीए में ए को सबसे आगे की पंक्ति में जगह मिली है.

दरअसल, गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में अखिलेश यादव ने मेनिफेस्टो जारी किया. इस दौरान मंच पर अखिलेश के बगल में एक तरफ अयोध्या से दलित सांसद अवधेश प्रसाद तो दूसरी तरफ पूर्व मंत्री आजम खान बैठे थे. बीच में पिछड़े समाज से आने वाले अखिलेश यादव बैठे थे. आजम खान और अवधेश प्रसाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं.
आजम खान को मंच पर बोलने का मौका मिला
अखिलेश से पहले आजम खान ने मंच से भाषण भी दिया. इस दौरान उन्होंने जेल की यातनाएं सुनाईं. आजम खान ने कहा कि मैं चाहता था कि इससे बेहतर मर जाऊं, लेकिन अब तक जिंदा हूं तो अब कुछ करके मरूंगा. आजम खान ने इस दौरान मंच से मशहूर शायर खुमार बाराबंकवी की शेर ‘खुदा याद आ गया’ भी सुनाया.
आजम ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मैंने जेल में एक दिन अब्दुल्लाह आजम से कहा चाहता हूं कि 6 महीने के अखिलेश यादव भी जेल आ जाएं. ताकि उन्हें पता हो कि दिन और रात कैसे गुजरते हैं?
मंच पर और किनकिन नेताओं को जगह मिली?
मेनिफेस्टो जारी होने के दौरान मंच पर पहली कतार में अखिलेश यादव, आजम खान और अवधेश प्रसाद के अलावा नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, सांसद हरेंद्र मल्लिक, सांसद लालजी वर्मा, विधायक इंद्रजीत सरोज, सांसद डिंपल यादव, सांसद इकरा हसन, राजेंद्र चौधरी, सांसद नरेश उत्तम पटेल को जगह मिली. पीछे की कतार में अक्षय यादव, अरविंद गोप जैसे नेता बैठे थे.
अखिलेश यादव के मेनिफेस्टो में क्याक्या है?
अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव को लेकर पहला मेनिफेस्टो जारी किया है. अखिलेश ने इसका नाम पीडीए का प्रणपत्र रखा है. अखिलेश के मुताबिक सरकार में आने पर भूमाफियाओं को खत्म करने के लिए एसटीएफ गठन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार में आने पर माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश बनाएंगे. किसी भी जाति के अपराधी को नहीं छोड़ा जाएगा. इसका मैं यूपी की जनता को वचन देता हूं.
इसके अलावा बेरोजगारों को 5000 रुपए मासिक भत्ता देने का ऐलान अखिलेश ने किया है. अखिलेश ने कहा कि 5 साल में 25 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देंगे.