अक्सर लोग शादी के बाद एक ऐसे बंधन में बंध जाते हैं, जहां से उनके जीवन की नई शुरुआत होती है. जिसे वो अपना जीवन साथी बनाते हैं उसके साथ जीने मरने की कसमें खाते हैं. लेकिन कई बार जिसे जीवन साथी चुना जाता है उसको लेकर एक शक पूरी दुनिया उजाड़ देता है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से सामने आया है. यहां पति ने शक के चलते अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया. दोनों ने 11 साल पहले 2015 में लव मैरिज की थी. शादी के बाद सब सही चल रहा था, लेकिन दीवाली की छुट्टी पर दो दिन पहले घर आए आरोपी पति को पत्नी के चरित्र को लेकर शंका हुई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया. गुस्से में पति ने पत्नी को जिंदा जलाकर उसकी सांसें छींन ली.

ये कहानी सुखबीर और उसकी पत्नी सोनम की है. सुखबीर और सोनम की मुलाकात करीब 14 साल पहले हरियाणा के हिसार में हुई थी. इस दौरान एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे थे. मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी. धीरेधीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर दोनों ने लव मैरिज करने का निर्णय ले लिया. लव मैरिज के बाद सुखबीर, सोनम को लेकर अपने घर कन्नौज के छिबरामऊ आ गया. दोनों एक साथ रह रहे थे, लेकिन कुछ दिन बाद सुखबीर काम के सिलसिले में फिर से हिसार चला गया. इस दौरान उनकी पत्नी सोनम गांव में ही रह रही थी. वहीं इस घटना के बाद कई सवाल लोगों के ज़हन में उठ रहे हैं. दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि सोनम सुखबीर को इतना चुभने लगी की उसने उसे जिंदा जला दिया.
दरअसल, घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव की है. मृतका की पहचान सोनम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुखबीर सिंह उर्फ मोनू बताया गया है. घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे की है.
11 साल पहले की थी लव मैरिज
सुखबीर करीब 14 साल से हरियाणा के हिसार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. वहीं उसकी मुलाकात शिकोहाबाद की रहने वाली सोनम से हुई थी. दोनों एकदूसरे को पसंद करने लगे और करीब 11 साल पहले प्रेम विवाह कर लिया. दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें सात साल का बेटा और पांच साल की बेटी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले सोनम के किसी अन्य युवक से संबंध होने की जानकारी मिलने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद सुखबीर पत्नी को लेकर गांव आ गया. आरोप है कि गांव में रहने के दौरान भी पत्नी के संबंधों को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था.
विवाद के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले दिवाली की छुट्टी पर गांव पहुंचे सुखबीर को पत्नी के संबंधों को लेकर फिर कुछ जानकारी मिली. इस बात को लेकर पतिपत्नी के बीच विवाद हुआ और मामला सिकंदरपुर पुलिस चौकी तक पहुंच गया. आरोप है कि गुरुवार सुबह सुखबीर घर से निकला और करीब आधे घंटे बाद पेट्रोल लेकर वापस लौटा. इसके बाद उसने पत्नी सोनम को कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग लगाने के बाद वह दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया.
मां ने मांगा बेटी का शव
मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी. आग बुझाने के बाद घर के अंदर से सोनम का बुरी तरह जला शव बरामद हुआ. सोनम की मां ने बताया कि घटना से पहले सुखबीर ने फोन कर कहा था कि बेटी को यहां से ले जाओ, वह बच्चों को अपने साथ रखेगा. कुछ देर बाद पुलिस ने उन्हें बेटी की मौत की सूचना दी. वहीं, छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे के मुताबिक, शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. दो दिन पहले भी पतिपत्नी के बीच विवाद हुआ था. आरोपी पति फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं. आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है.