Diljit Dosanjh : निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। लेकिन फिल्म के आखिरी हिस्से में मेकर्स ने ऐसा सरप्राइज रखा है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। दरअसल, फिल्म के एंड क्रेडिट सीन में भगवान हनुमान की एंट्री दिखाई गई है। इस खास मौके पर दिलजीत दोसांझ की आवाज में हनुमान चालीसा सुनाई देती है।

Diljit Dosanjh ने हनुमान चालीसा को दी अपनी आवाज
फिल्म ‘रामायण’ की सबसे खास बात इसका म्यूजिक भी है। हनुमान चालीसा को एआर रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है। इस भक्ति गीत को दिलजीत दोसांझ के साथ कैलाश खेर , सुखविंदर सिंह , मोहित चौहान और अनिरुद्ध रविचंदर ने अपनी आवाज दी है।
इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं। इस गाने को टीसीरीज के बैनर तले रिलीज किया गया है। दिलजीत दोसांझ की आवाज ने इस खास ट्रैक को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।
एंड क्रेडिट में सनी देओल की दमदार एंट्री
फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज सनी देओल से जुड़ा है। वह फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, मेकर्स ने पहले पार्ट में उनका पूरा लुक दिखाने के बजाय एंड क्रेडिट सीक्वेंस में उनकी झलक दिखाई है। इस सीन में हनुमान जी का चेहरा छिपाकर रखा गया है। उनकी विशाल आकृति और हाथ में गदा दिखाई देती है। इसके बाद वह हवा में उड़ते नजर आते हैं और जय श्रीराम का उद्घोष करते हैं। बैकग्राउंड में बजती हनुमान चालीसा इस सीन को और खास बना देती है।
2028 में आएगा रामायण का दूसरा पार्ट
‘रामायण’ का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ है। फिल्म में भगवान राम की कहानी को दो हिस्सों में दिखाया जा रहा है। पहले भाग के अंत में हनुमान जी की एंट्री ने दूसरे पार्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज किया जाएगा। इसमें सनी देओल का किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाएगा। अब दर्शकों को दूसरे पार्ट में हनुमान जी का पूरा रूप देखने का इंतजार रहेगा।