आयकर विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से 10 नवंबर के बीच भारत का नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन सालाना आधार पर 11.76 फीसदी बढ़कर 14.42 लाख करोड़ रुपए हो गया है. आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 12.90 लाख करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 14.42 लाख करोड़ रुपए हो गया है. ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 14.02% बढ़कर 17.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 15.35 लाख करोड़ रुपए था.

नेट कॉर्पोरेट टैक्स कलेक्शन
इस बीच, पिछले साल की इसी अवधि के 5.36 लाख करोड़ रुपए के मुकाबले, नेट कॉर्पोरेट टैक्स कलेक्शन बढ़कर 6.32 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो लगभग 17.84 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है. नेट नॉनकॉर्पोरेट टैक्स कलेक्शन जिसमें व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवारों , फर्मों और अन्य इकाइयों द्वारा चुकाए गए टैक्स शामिल हैं 7.18 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 7.56 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो लगभग 5.30 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है.
STT कलेक्शन में जबरदस्त उछाल
सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स कलेक्शन में भी लगभग 51.56 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है. यह पिछले साल की इसी अवधि के 35,681.88 करोड़ रुपए से बढ़कर 54,077.90 करोड़ रुपए हो गया है. पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में, चालू वित्त वर्ष में 10 नवंबर तक डायरेक्ट टैक्स रिफंड लगभग 26 प्रतिशत बढ़कर 3.08 लाख करोड़ रुपए हो गया है.
टैक्स रिफंड में भी बढ़ोतरी
आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर 2026 तक कुल टैक्स रिफंड 3.08 लाख करोड़ रुपए रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 2.45 लाख करोड़ रुपए था. सरकार ने चालू वित्त वर्ष में डायरेक्ट टैक्स से 26.97 लाख करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है, जो वित्त वर्ष 2026 में जुटाए गए 23.40 लाख करोड़ रुपए की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है. इसमें से 14.42 लाख करोड़ रुपए यानी बजट लक्ष्य का लगभग 53 प्रतिशत 10 नवंबर तक पहले ही हासिल किया जा चुका है.