उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले NDA में सीटों को लेकर सहयोगियों के बीच खींचतान शुरू हो गई है. सीटों को लेकर एनडीए के सहयोगी दल SBSP के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी डॉ. संजय निषाद में रार शुरू हो गई. दरअसल, दोनों के बीच आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा समेत 4 सीटों को लेकर ठनी हुई है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद ने आजमगढ़ की 4 सीटों पर दावा ठोका, इनमें अतरौलिया भी शामिल है. संजय निषाद ने इस सीट पर ओम प्रकाश राजभर के एकतरफा दावे पर सवाल उठाया है. उनका तर्क है कि चूंकि गठबंधन के भीतर सीटों का बंटवारा अभी तक तय नहीं हुआ है, इसलिए सहयोगियों के बीच आपसी बातचीत के बिना किसी एक पार्टी का इस सीट पर दावा नहीं माना जा सकता. दूसरी तरफ SBSP प्रमुख ओमप्रकाश राजभर भी अतरौलिया पर दावेदारी कर रहे हैं. यानी अतरौलिया सीट पर NDA के दो सहयोगी आमनेसामने हैं.
अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी का जायज दावा
संजय निषाद के अनुसार, अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी का जायज दावा बनता है, क्योंकि 2022 के चुनाव में भी उन्होंने ही यहां से चुनाव लड़ा था. उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह को संभावित उम्मीदवार के रूप में पेश किया है, कार्यकर्ताओं को तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है और इस मामले को BJP नेतृत्व के सामने भी उठाया है.
अरुण राजभर को मैदान में उतारने की तैयारी
वहीं, SBSP प्रमुख ओम प्रकाश राजभर इस सीट से अपने बेटे अरुण राजभर को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने साफ कहा है कि उनकी पार्टी अतरौलिया सीट पर अपने दावे से पीछे नहीं हटेगी. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला गठबंधन के सभी सहयोगी दल मिलकर लेंगे.
सीटबंटवारे को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं
बीजेपी और उसके सहयोगियों के बीच सीटबंटवारे को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. निषाद पार्टी का कहना है कि औपचारिक गठबंधन प्रक्रिया के बिना एकतरफा दावे नहीं किए जाने चाहिए, और उन्होंने इस मुद्दे को बीजेपी नेतृत्व के सामने भी उठाया है. अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के डॉ. संग्राम यादव विधायक रहे हैं, और इस सीट पर समाजवादी पार्टी की मजबूत पकड़ मानी जाती है.