उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर सियासी हलचल तेज रहने वाली है. इस दिन राजधानी लखनऊ में अलगअलग राजनीतिक दल अपने कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच संविधान, सामाजिक न्याय और अधिकारों का मुद्दा उठाएंगे. कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी, जबकि बीजेपी ने संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है.

वहीं, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने 26 नवंबर को लखनऊ में ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ आयोजित करने का ऐलान किया है. संविधान दिवस के मौके पर होने वाले इन आयोजनों को चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. खास तौर पर दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए पार्टियां अलगअलग कार्यक्रमों की तैयारी में हैं.
कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च, खड़गे करेंगे अगुवाई
कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ पहुंचेंगे. उनके नेतृत्व में यह मार्च लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से हजरतगंज स्थित भीम राव अम्बेडकर प्रतिमा तक निकाली जाएगी. सूत्रों के मुताबिक, संविधान रक्षा मार्च के तहत कांग्रेस SIR मुद्दा, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियां और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगी.
समाजवादी पार्टी ने विशेष रूप से संविधान दिवस को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने के लिए चुना है. अखिलेश यादव इसे PDA का प्रमाणपत्र बता रहे हैं. 2024 लोकसभा चुनाव में संविधान को मुद्दा बना कर सपाकांग्रेस गठबंधन को लाभ मिला, अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले संविधान दिवस पर दोनों ही पार्टियां विशेष आयोजन कर जनता का ध्यान आकर्षित करने की तैयारी में जुटे हैं.
बीजेपी के कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे शामिल
वहीं बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर संविधान गौरव दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. बीते दिन कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर वर्चुअल बैठकें की गई, जिनमें संविधान गौरव दिवस को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर विचारविमर्श किया गया.
यानी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सभी पार्टियों ने कमर कस ली है, बीजेपी के अलावा, कांग्रेस जहां सड़क पर मार्च निकालेगी तो वहीं अखिलेश यादव सपा मुख्यालय से जन जन का मेनिफेस्टो जारी करेंगे. वहीं आज़ाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बड़े जुटान का आवाह्न किया है जिसे बहुजन स्वराज संकल्प महारैली का नाम दिया है.