प्रदूषण का असर सिर्फ बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर ही नहीं पड़ता, बल्कि बच्चे भी इसकी चपेट में तेजी से आते हैं. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि बच्चों के फेफड़े, सांस की नलियां और शरीर की बीमारियों से लड़ने की क्षमता अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुई होती. ऐसे में हवा में मौजूद प्रदूषण के छोटेछोटे कण उनके लिए ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकते हैं.

डॉ. निखिल राजवंशी के मुताबिक बच्चे बड़ों के मुकाबले तेजी से सांस लेते हैं. इस वजह से उनके शरीर के वजन के हिसाब से ज्यादा प्रदूषित हवा फेफड़ों तक पहुंचती है.
खासकर PM2.5 जैसे बेहद छोटे कण और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें सांस की नलियों में जलन पैदा कर सकती हैं. इससे बच्चों को खांसी, सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज और सांस फूलने की परेशानी हो सकती है.
लंबे समय तक प्रदूषण में रहने से कमजोर हो सकते हैं फेफड़े
बच्चों के फेफड़े और इम्यून सिस्टम अभी विकसित हो रहे होते हैं, इसलिए हवा में मौजूद जहरीले कण उनकी सेहत पर ज्यादा असर डाल सकते हैं. लंबे समय तक प्रदूषण में रहने से फेफड़ों की क्षमता प्रभावित होने के साथ अस्थमा और सांस से जुड़ी दूसरी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.
प्रदूषण का असर केवल कुछ दिनों की खांसी या गले में जलन तक सीमित नहीं रहता. अगर बच्चे लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेते हैं तो उनके फेफड़ों के विकास पर असर पड़ सकता है.
इससे फेफड़ों की काम करने की क्षमता कम हो सकती है. जिन बच्चों को पहले से अस्थमा है, उनमें प्रदूषण के कारण बीमारी के लक्षण बढ़ सकते हैं और सांस लेने में परेशानी हो सकती है.
इसके अलावा प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से बच्चों में सांस से जुड़े संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है. कुछ नई रिसर्च में यह भी संकेत मिले हैं कि लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने का असर बच्चों की दिल की सेहत और दिमाग के विकास पर भी पड़ सकता है.
इन लक्षणों को सामान्य खांसी समझकर न टालें
बच्चों में प्रदूषण का असर कई तरह से दिखाई दे सकता है. अगर बच्चे को लगातार खांसी आ रही है, सांस लेते समय सीटी जैसी आवाज सुनाई देती है या थोड़ीसी शारीरिक गतिविधि के बाद भी सांस फूलने लगती है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
इसके अलावा बच्चे को असामान्य थकान होना या पहले की तरह खेलकूद नहीं पाना भी ध्यान देने वाली बात है. कई बार मातापिता इन लक्षणों को मौसम बदलने, एलर्जी या सामान्य सर्दीखांसी का असर समझ लेते हैं. ऐसा करना ठीक नहीं है. लक्षण लंबे समय तक बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
मातापिता इन बातों का रखें ध्यान
प्रदूषण के दिनों में बच्चों को बाहर खेलने भेजने से पहले AQI जरूर देखें. जब प्रदूषण ज्यादा हो तो बाहर की गतिविधियां कम रखें. बच्चों को ट्रैफिक और ज्यादा धुएं वाली जगहों पर ले जाने से बचें. घर के अंदर हवा की गुणवत्ता बेहतर रखने की कोशिश करें और धुआं पैदा करने वाली चीजों से दूरी रखें. अगर बच्चे को अस्थमा है तो डॉक्टर की बताई दवाएं और इनहेलर नियमित रूप से जारी रखें. बिना डॉक्टर की सलाह के दवा बंद न करें.