Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में ठगी के मामले सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलीश में जुटी थी. पुलिस को शातिर अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर इस गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, पुलिस को कटघर इलाके में एक बुजुर्ग महिला से ठगी की शिकायत मिली थी. आरोपी तंत्रमंत्र, भूतप्रेत और बीमारी का डर दिखाकर लोगों को शिकार बनाते थे.

जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद पुलिस को कटघर इलाके में बुजुर्ग महिला से ठगी किए जाने की शिकायत मिली थी जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी. इस पूरे मामले की शुरुआत 6 अगस्त 2026 को हुई थी, जब कटघर थाना इलके की रहने वाली सुमन छाबड़ा के साथ शातिर ठगों ने सोने के कंगन, अंगूठी और चांदी की पायल ठग ली थी. पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और एसपी सिटी के पर्यवेक्षण में थाना कटघर पुलिस और सर्विलांस टीम ने गहन छानबीन शुरू की गई थी. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी.
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान की. इसके बाद 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने गुलाबबाड़ी चुंगी के पास से चारों आरोपियों को दबोचा है. इनके कब्जे से पुलिस ने एक जोड़ी पीली धातु के कान के कुंडल, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो पीली धातु की अंगूठियां और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस ने गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनकी पहचान शाकिर, शाहरुख, हसन और सुलेमान के रूप में हुई है.
कैसे बनाते थे ठगी का शिकार?
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने खुलासा किया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से सुनसान इलाकों या बाजारों में बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट करते थे. यह लोग खुद को मडारी या जादूटोना करने वाले रूप में प्रदर्शित करते थे. भोलेभाले लोगों को भूतप्रेत का साया होने और घर में बड़ी बीमारी आने का भयानक डर दिखाते थे. इसके बाद लोगों को झांसे में लेकर या नशीली चीजें खिलाकर उनके पहने हुए सोनेचांदी के आभूषण उतरवा लेते थे. पुलिस ने इनकी निशानदेही पर ठगी किए गए जेवरात और नकदी बरामद करने के साथ ही इनके अन्य साथियों और सुनार की तलाश तेज कर दी है.
अलगअलग थानों में दर्ज हैं केस
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी एक पेशेवर और संगठित अपराध सिंडिकेट के सदस्य हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इनमें से कई आरोपियों के खिलाफ साल 2025 और 2026 में हरियाणा के पालम विहार थाने, मुजफ्फरनगर के कोतवाली नगर थाने तथा मुरादाबाद के कटघर और मझोला थानों में मुकदमे दर्ज हैं. विशेष तौर पर आरोपी हसन के खिलाफ हरियाणा और अन्य जगहों पर कई आपराधिक मामले लंबित हैं. इन शातिर अपराधियों ने मुरादाबाद के अलावा हरियाणा और एनसीआर के कई अन्य जिलों में दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है.