How to Make Papaya Paratha: पपीता कच्चा हो या पका हुआ यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। आमतौर पर इसका इस्तेमाल सलाद, जूस या फल के रूप में किया जाता है। वहीं कच्चे पपीते की सब्जी भी कई घरों में अक्सर बनाई जाती है। पपीते में फाइबर, विटामिन ए, विटामिन सी और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह पाचन को बेहतर करने और शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं। इसे आपने कई तरह से खाया होगा लेकिन क्या आपने पपीते के परांठे खाए हैं? अगर नहीं तो आज हम आपको कच्चे पपीते से बनने वाले परांठे की रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। इसे घर पर आसानी से कम समय में बनाया जा सकता है।

इस बार सुबह का नाश्ता हो या शाम की हल्की भूख घर पर आलू, गोभी या मूली के परांठे नहीं बल्कि पपीते के परांठे बना सकते हैं, जो स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है।
सामग्री
गेहूं का आटा- 200 ग्राम
कच्चा पपीता- दो (मध्यम आकार के)
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
अदरक- एक इंच
हरी मिर्च-: तीन-चार
लहसुन- छह-सात कलियां
अमचूर- एक चम्मच
अजवाइन- एक चम्मच
कसूरी मेथी- एक चम्मच
नमक- स्वादानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक थाली में गेहूं का आटा लें और उसमें हल्का सा नमक, अजवाइन तथा तेल डाल कर अच्छी तरह मिला लें। फिर इसे गुनगुने पानी के साथ गूंथे और कुछ देर तक ढक कर रख दें। इस बीच कच्चा पपीता लें और उसके छिलके निकालकर उसे कद्दूकस कर लें। फिर इसे हाथ से कसकर निचोड़ लें, ताकि इसमें मौजूद रस बाहर निकल जाए। अगर ऐसा नहीं किया, तो पपीते में नमी की वजह से परांठे बनाने में दिक्कत आएगी। फिर इसमें अदरक और लहसुन का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक डालकर हाथ से अच्छी तरह मिला लें।
Khabar Monkey
इसके बाद गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। अब एक लोई को बेलन की मदद से चपाती की तरह चपटा कर लें और उस पर पपीते के मिश्रण को चारों ओर बिखेर दें। फिर दूसरी लोई को चपटा करें और उसे पपीते के मिश्रण के ऊपर रखकर बेलन की मदद से धीरे-धीरे दबाते हुए चपटा करें। कोशिश करें कि दोनों चपातियों के किनारों को बेलन से दबाकर आपस में चिपका दें। इसे गरम तवे पर सेंकें और जब एक तरफ से सिक जाएं, तो उसे पलटकर ऊपर से देसी घी का लेप लगाएं, दूसरी तरफ भी ऐसे ही देसी घी का लेप लगाएं। इस तरह सभी परांठे तैयार करें। इन्हें दही, रायता या चटनी के साथ गरमागरम परोसें।











