पीरियड्स के दौरान कई महिलाओं को कमजोरी, थकान और सुस्ती महसूस होती है. ऐसा मुख्य रूप से शरीर में होने वाले हॉर्मोनल बदलाव और खून की कमी के कारण होता है. इस समय एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हॉर्मोन में उतार-चढ़ाव आता है, जिससे एनर्जी लेवल प्रभावित होता है. साथ ही, ब्लीडिंग के कारण शरीर में आयरन की कमी भी हो सकती है, जो कमजोरी की एक बड़ी वजह बनती है. कुछ महिलाओं को इस दौरान दर्द, मूड स्विंग्स और नींद की कमी भी महसूस होती है, जिससे थकान और बढ़ सकती है.

आज की व्यस्त में कई बार महिलाएं इस समय भी आराम नहीं कर पातीं और अपनी डाइट का सही ध्यान नहीं रख पातीं, जिससे समस्या और बढ़ जाती है. शरीर को इस दौरान ज्यादा देखभाल और पोषण की जरूरत होती है. इसलिए जरूरी है कि इस दौरान शरीर के संकेतों को समझा जाए और उसे नजरअंदाज न किया जाए. ऐसे में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि इस कमजोरी को संभाला जा सके और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो.
पीरियड्स के दौरान कमजोरी से कैसे करें बचाव?
आरएमएल हॉस्पिटल में महिला रोग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सलोनी चड्ढा बताती हैं कि पीरियड्स के दौरान शरीर को सही पोषण देना बेहद जरूरी होता है. इस समय आयरन से भरपूर चीजें जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें और गुड़ का सेवन करना फायदेमंद होता है, जिससे खून की कमी को पूरा करने में मदद मिलती है. इसके साथ ही प्रोटीन और विटामिन से भरपूर डाइट लेने से शरीर को एनर्जी मिलती है और थकान कम होती है.
फल, दूध और ड्राई फ्रूट्स भी डाइट में शामिल करने चाहिए. जंक फूड और ज्यादा तला-भुना खाना खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर और ज्यादा सुस्त महसूस कर सकता है. समय पर और संतुलित भोजन करने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है, जिससे कमजोरी कम करने में मदद मिलती है.
पर्याप्त आराम और अच्छी नींद भी जरूरी
पीरियड्स के दौरान शरीर को आराम देना बहुत जरूरी होता है. पर्याप्त नींद लेने से शरीर को रिकवर होने का समय मिलता है और थकान कम होती है. इस समय ज्यादा काम करने करने से बचना चाहिए. अगर शरीर थका हुआ महसूस करे, तो उसे आराम देना जरूरी है. अच्छी नींद लेने से मूड भी बेहतर रहता है और शरीर में एनर्जी बनी रहती है.
हल्की एक्सरसाइज और हाइड्रेशन बनाए रखें
पीरियड्स के दौरान हल्की एक्सरसाइज जैसे वॉक या योग करना फायदेमंद हो सकता है, इससे शरीर एक्टिव रहता है और थकान कम होती है. इसके साथ ही पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी है, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे. नारियल पानी और जूस जैसे तरल पदार्थ भी शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं.





