नमो भारत ट्रेन को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इस कॉरिडोर से सफर करने वाले लोगों की कुल संख्या 5 करोड़ के पार पहुंच गई है. खास बात यह है कि पिछले 93 दिनों में ही 1 करोड़ नए यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन से यात्रा की है. अक्टूबर 2023 में सेवा शुरू होने के बाद यह पहली बार है, जब यात्रियों की संख्या इतनी तेजी से बढ़ी है.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के मुताबिक, दिसंबर 2025 में नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की कुल संख्या 2 करोड़ थी. नवंबर 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 5 करोड़ के पार पहुंच गया. यानी पिछले एक साल में 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने इस ट्रेन से सफर किया.
लगातार कम हो रहा है यात्रियों का आंकड़ा पूरा होने का समय
नमो भारत ट्रेन की शुरुआत 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे हिस्से पर हुई थी. शुरुआती 1 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पूरा करने में 574 दिन लगे थे. इसके बाद यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी. 2 करोड़ का आंकड़ा 211 दिन, 3 करोड़ का आंकड़ा 143 दिन और 4 करोड़ का आंकड़ा सिर्फ 101 दिन में पूरा हो गया. अब महज 93 दिनों में 1 करोड़ नए यात्री जुड़ गए हैं.
अगस्त में एक दिन में 1.68 लाख लोगों ने किया सफर
NCRTC के अनुसार, अगस्त में नमो भारत कॉरिडोर पर 35.25 लाख यात्रियों ने सफर किया. इस दौरान रोजाना औसतन 1.13 लाख लोग ट्रेन में सवार हुए. वहीं, 28 अगस्त को एक दिन में सबसे ज्यादा 1,68,666 यात्रियों ने यात्रा की.
दिल्ली से मेरठ तक जुड़ा नमो भारत नेटवर्क
पूरे नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का परिचालन 22 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था. यह नेटवर्क दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ को आपस में जोड़ता है. इसकी खास बात यह है कि यात्रियों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस अड्डों और शहर की बस सेवाओं से भी जुड़ने की सुविधा मिलती है.
160 किलोमीटर प्रति घंटे तक है ट्रेन की रफ्तार
NCRTC के मुताबिक, नमो भारत ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा है. इसमें यात्रियों को ऐसी कोच, तेज सफर और भरोसेमंद सेवा मिलती है. निगम का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी और परिवहन के दूसरे साधनों से जुड़ाव के कारण यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.