Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले स्थित मोती नगर इलाके में शनिवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां स्थित एक कपड़ों के शोरूम के ट्रायल रूम के भीतर 19 वर्षीय सेल्सवुमन की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है. प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड का आरोप मृतका के ही एक रिश्तेदार युवक सूरज पर लगा है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा है.

PCR कॉल से मिली बेहोशी की सूचना, मौके पर मिली लाश: दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को मोती नगर थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि 6/18, मोती नगर स्थित ‘वस्त्र महल’ नाम के कपड़ों के शोरूम में एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां शोरूम के ट्रायल रूम के अंदर 19 वर्षीय शबनम का शव पड़ा मिला. शबनम इसी शोरूम में सेल्सवुमन के रूप में काम करती थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था. ट्रायल रूम में शव के बिल्कुल पास ही खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे हत्या किए जाने की पुष्टि हो रही है. सूचना पाकर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और उन्हें जब्त किया.
मृतका की दो बहनों का देवर है आरोपी सूरज
पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि सुदामापुरी, मोती नगर निवासी 29 वर्षीय सूरज ने ही शबनम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या की और मौके से फरार हो गया. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी सूरज के दो भाइयों की शादी मृतका शबनम की दो बहनों से हुई है. यानी आरोपी और मृतका के परिवार आपस में करीबी रिश्तेदार हैं.
घर पर लटका मिला ताला, तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है. वहीं, मृतका के भाई अरविंद के बयान के आधार पर मोती नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी सूरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस टीम जब सुदामापुरी स्थित उसके घर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला. फिलहाल पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और हत्या के पीछे की असली वजह की जांच कर रही है.