झारखंड के रामगढ़ में एक बार फिर अंधविश्वास के चक्कर में एक निसंतान महिला की आबरू पर संकट पैदा हो गया. औलाद के लिए झाड़फूंक और ताबीज के जरिए तांत्रिक के पास पहुंची इस महिला ने रेप की कोशिश का आरोप लगाया है. कहा कि विरोध करने पर तांत्रिक ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी है. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह 56 साल की हो चुकी है और उसे कोई औलाद नहीं है. इसी क्रम में वह तांत्रिक के पास झाड़फूंक कराने पहुंची थी. आरोपी ने खुद के बारे में प्रचार कर रखा है कि वह प्रार्थना और ताबीज के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकता है. पीड़िता के मुताबिक आरोपी तांत्रिक ने उसे भी एक ताबीज दिया था. लेकिन बाद में आरोपी ने उसके साथ अश्लील बातें करने लगा और संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा.
आरोपी तांत्रिक अरेस्ट
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने पांच नवंबर को आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दी थी. इसके बाद भुरकुंडा पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज कर तांत्रिक को अरेस्ट किया गया है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है. भुरकुंडा चौकी प्रभारी शिवलाल गुप्ता के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वायरल हो रहा आडियो क्लिप
जानकारी के मुताबिक घटना से संबंधित एक ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही है. बताया जा रहा है कि यह ऑडियो क्लिप पीड़िता और तांत्रिक के बीच फोन पर बातचीत की कॉल रिकार्डिंग है. इसमें तांत्रिक महिला से अश्लील बातें कर रहा है. वहीं जब महिला इसका विरोध करती है तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता है. पुलिस के मुताबिक इस ऑडियो क्लिप को भी वेरिफाई किया जा रहा है.