समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है. गुरुवार को जारी हुए घोषणा पत्र में युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का ऐलान किया गया है. इसके अलावा बुजुर्ग महिलाओं को ₹40 हजार सालाना पेंशन और 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को टीचर्स के बराबर वेतन देने की घोषणा की है. उत्तर प्रदेश से पहले सपा का घोषणा पत्र चर्चा में आ गया है. चुनाव आते ही हर पार्टी अपना घोषणा पत्र लेकर आती है. कोई इसे “संकल्प पत्र” कहती है, तो कोई “न्याय पत्र”. सवाल यह है कि क्या पार्टियां इसमें कुछ भी वादा कर सकती हैं, और वादा पूरा न हो तो क्या होता है?

अब सवाल है कि क्या होता है मेनफेस्टो यानी घोषणा पत्र, क्या कहती है चुनाव आयोग की गाइडलाइन और अगर पार्टी सत्ता में आने के बाद चुनावी वादा पूरा नहीं करती है तो क्या होगा?
क्या होता है घोषणा पत्र?
घोषणा पत्र वह दस्तावेज है जिसमें पार्टी बताती है कि सत्ता में आने पर वह कौनसी नीतियां लागू करेगी और जनता से क्या वादे कर रही है. चुनाव आयोग के मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट में इसके लिए अलग हिस्स है. मॉडल कोड का आठवां भाग “इलेक्शन मेनिफेस्टो पर गाइडलाइन” सुप्रीम कोर्ट के 2013 के फैसले के बाद जोड़ा गया.
समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को ‘प्रण पत्र’ नाम दिया है. फोटो: PTI
कैसे बनता है मेनिफेस्टो?
ज्यादातर पार्टियां इसके लिए एक समिति बनाती हैं. यह समिति पार्टी के नेताओं, विशेषज्ञों और आम लोगों से सुझाव लेकर मसौदा तैयार करती है. 2024 के लोकसभा चुनाव में BJP की मेनिफेस्टो कमेटी की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, निर्मला सीतारमण संयोजक और पीयूष गोयल सहसंयोजक थे. पार्टी को 15 लाख से ज्यादा सुझाव मिले, जिनमें 4 लाख से अधिक NaMo ऐप से और 11 लाख से ज्यादा वीडियो के जरिए आए. दूसरी ओर, कांग्रेस ने “न्याय पत्र” जारी किया, जिसमें पांच ‘न्याय’ के तहत 25 गारंटियां थीं. अंतिम मसौदा पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मंजूर करता है और फिर उसे जारी किया जाता है.
घोषणा पत्र पर चुनाव आयोग की गाइडलाइन
चुनाव आयोग ने फरवरी 2014 में इसको लेकर दिशानिर्देश जारी किए और इन्हें MCC का हिस्सा बना दिया. बैठक में ज्यादातर दलों ने इसका विरोध किया था और कहा था कि जनता से वादे करना उनका अधिकार है. गाइडलान की कुछ बातें
- संविधान के खिलाफ नहीं: घोषणा पत्र में ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए जो संविधान के आदर्शों और सिद्धांतों के विपरीत हो.
- कल्याणकारी वादों पर आपत्ति नहीं: आयोग के अनुसार नीतिनिदेशक सिद्धांत राज्य से कल्याणकारी योजनाओं की अपेक्षा रखते हैं, इसलिए ऐसे वादों पर कोई आपत्ति नहीं हो सकती.
- मतदाताओं पर अनुचित प्रभाव नहीं: पार्टियों को ऐसे वादों से बचना चाहिए जो चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बिगाड़ें या मतदाताओं पर अनुचित प्रभाव डालें.
- वादे का आधार और पैसा: पारदर्शिता के लिए पार्टियां वादे का तर्क बताएं और मोटे तौर पर यह भी कि उसके लिए धन कैसे जुटाया जाएगा. आयोग के शब्दों का सार है कि मतदाताओं का भरोसा केवल उन्हीं वादों पर मांगा जाए जो पूरे हो सकें.
सोशल मीडिया पर किया शेयर
सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र।
जनमन का मैनिफेस्टो – 2027 https://t.co/X8tGvVr34F
— Samajwadi Party November 26, 2026
पार्टियों ने चुनावी वादा पूरा न किया तो क्या होगा?
यहीं आम मतदाता की उलझन है. चुनाव आयोग के अपने मैनुअल में एक अध्याय का शीर्षक ही है कि चुनाव घोषणा पत्र कानूनी रूप से लागू कराने योग्य नहीं है यानी वादा तोड़ने पर पार्टी को अदालत में घसीटने का सीधा प्रावधान नहीं है. MCC खुद कानून नहीं है और रिपोर्ट के मुताबिक उसके उल्लंघन पर आम तौर पर आयोग की फटकार जैसी कार्रवाई होती है. असली हिसाब जनता अगले चुनाव में करती है.
फ्रीबीज पर बहस अब भी जारी
2013 का फैसला दो जजों की बेंच का था. 26 अगस्त 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने मुद्दा तीन जजों की बेंच को भेजा और कहा कि इस पर विस्तार से बहस जरूरी है, जिसमें सुब्रमण्यम बालाजी फैसले पर पुनर्विचार भी शामिल है. फरवरी 2026 में CJI सूर्यकांत की बेंच ने भी माना कि यह जनहित का अहम मसला है और इसकी सुनवाई तीन जजों की बेंच करेगी. नवंबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय ने फिर जल्द सुनवाई की मांग की.