देश के फॉरेक्स रिजर्व में 14 अरब डॉलर से ज्यादा की भारी गिरावट देखने को मिली. जिसमें से करीब 8 अरब डॉलर करेंसी असेट्स में से कम हो गए. वहीं करीब 6 अरब डॉलर की कमाी गोल्ड रिजर्व में भी देखने को मिली. जानकारों की मानें तो रुपए को संभालने के लिए भारत ने काफी विदेशी मुद्रा खर्च की है. वहीं दूसरी ओर सोने की कीमतों में लगातार गिरावट की वजह से उसकी वैल्यू में काफी कमी आई है. जिसकी वजह से देश के विदेशी मुद्रा भंडार में ओवरऑल काफी कमी देखने को मिल चुकी है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश का फॉरेक्स रिजर्व कितना हो गया है.

देश के फॉरेक्स बाजार में बड़ी गिरावट
भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को बताया कि 13 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 14.205 अरब डॉलर घटकर 705.342 अरब डॉलर रह गया. इससे पिछले सप्ताह में, कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.547 अरब डॉलर हो गया था. 4 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में, विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था. ऐसा प्रवासी भारतीयों से प्राप्त जमा राशि के लिए एक विशेष रियायती स्वैप व्यवस्था के तहत भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने की वजह से हुआ था, जिसके जरिए बैंकों ने रिकॉर्ड 133 अरब डॉलर जुटाए थे. हालांकि, तब से इसमें लगातार गिरावट आ रही है.
फॉरेन असेट्स में बड़ी गिरावट
भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का मुख्य हिस्सा, ‘विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां’ , 7.897 अरब डॉलर घटकर 583.452 अरब डॉलर रह गईं. डॉलर के संदर्भ में, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैरअमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में होने वाले उतारचढ़ाव का असर भी शामिल होता है, जो विदेशी मुद्रा भंडार में मौजूद होती हैं.
गोल्ड रिजर्व में भारी कमी
RBI ने बताया कि इस सप्ताह स्वर्ण भंडार का मूल्य 6.183 अरब डॉलर घटकर 98.613 अरब डॉलर रह गया. जानकरों के अनुसार गोल्ड की कीमतों में काफी कमी आई है. जिसकी वजह सेग गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में कमी आई ना कि वॉल्यू में. केंद्रीय बैंक के अनुसार, ‘विशेष आहरण अधिकार’ 92 मिलियन डॉलर घटकर 18.517 अरब डॉलर रह गए. RBI ने आगे बताया कि IMF के पास भारत की रिजर्व स्थिति भी 32 मिलियन डॉलर घटकर 4.758 अरब डॉलर रह गई.