इस समय गर्मी ज्यादा पड़नी शुरू हो गई है. ऐसे में सुबह वॉक करने वालों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. भले ही सुबह मौसम गर्म नहीं रहता है, लेकिन अगर बिना कुछ खाए टहल रहे हैं तो क्या ये नुकसानदायक हो सकता है?
क्या गर्मी के इस मौसम में सुबह की सैर भी कुछ खाकर करनी चाहिए या खाली पेट? इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं.

इस बारे में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में मेडिसिन विभाग में डॉ. अजीत कुमार बताते हैं कि अगर आप को कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं है और हाल – फिलहाल में डिहाइड्रेशन नहीं हुआ है तो आप खाली पेट कर सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है.
किन लोगों को सावधान रहना चाहिए?
जिन लोगों को डायबिटीज की बीमारी है उनको सुबह की सैर खाली पेट करने से बचना चाहिए. ऐसे लोगों में ब्लड शुगर गिरने का भी डर रहता है. इससे उनको चक्कर आने की समस्या हो सकती है. इस मौसम में डायबिटीज के मरीज अगर सुबह वॉक पर जाते हैं तो उनको सुबह हल्का प्रोटीन वाला भोजन जैसे भीगे चने खाकर वॉक पर जाना चाहिए. हालांकि ये ध्यान रखें कि सुबह बहुत ज्यादा न खाएं और न ही चाय या कॉफी पीकर वॉक करें. क्योंकि ये चीजें शरीर को डिहाइड्रेट ही करती हैं.
गर्मी में क्यों बढ़ती है परेशानी?
गर्म मौसम में शरीर में पसीने के जरिए पानी निकल जाता है . अगर पेट खाली हैं और शरीर में पानी की कमी है तो इससे कमजोरी, सिरदर्द या डिहाइड्रेशन महसूस हो सकता है. खासतौर पर हीट वेव के दिनों में जोखिम बढ़ सकता है. ऐसे में सुबह कुछ खाने के साथ- साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही वॉक पर जाएं. इस दौरान ध्यान रखें कि अगर पसीना बहुत ज्यादा आ रहा है तो हल्की वॉक ही करें.
सुबह 5 से 6 के बीच वॉक करना ठीक
डॉ अजीत बताते हैं कि इस मौसम में सुबह 5 से 6 बजे के बीच वॉक करना बेहतर माना जाता है. देर से जाने पर धूप निकल आती है. ऐसे में कोशिश करें कि सुबह धूप निकलने से पहले अपनी वॉक पूरी कर लें





