Dhirendra Shastri Katha: प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा का समापन हो गया है. कथा के अंतिम दिन उन्होंने ऐलान किया कि वह उत्तर प्रदेश में आगे भी आते रहेंगे. दिसंबर में झांसी और गोंडा में उनकी कथा होगी. इसके अलावा लखनऊ में भी कथा करने की बात कही है. हालांकि लखनऊ के कार्यक्रम की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.

दिसंबर में झांसी और गोंडा में होगा कथा का आयोजन
कुंडा में कथा के समापन पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश आते रहेंगे और यहां कथा करते रहेंगे. उन्होंने अपने अगले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 11, 12 और 13 दिसंबर को झांसी में राम कथा होगी. इसके बाद 21 से 25 दिसंबर तक गोंडा में कथा का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि वह लखनऊ में भी कथा करने के लिए आएंगे, लेकिन अभी इसकी तारीख तय नहीं हुई है.
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने एक बार फिर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान इस्लामिक राष्ट्र हो सकता है तो भारत हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं बन सकता. उन्होंने लोगों से कहा, ‘हिंदुओं, तुम हमारा साथ दो, हम तुम्हें हिंदू राष्ट्र देंगे.’ उन्होंने कहा कि कुंडा में लोगों की भीड़ और उत्साह देखकर लग रहा है कि अब हिंदू जागने लगा है. इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संतों के लिए लड़ने वाले केशव प्रसाद मौर्य भी यहां पहुंचे हैं.
कथा रोकने की कोशिश पर धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा?
कुंडा में कथा आयोजन से पहले इसे रोकने की कोशिश किए जाने को लेकर भी धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि जब उनसे पूछा गया था कि क्या उनकी कथा रोकने की कोशिश हो रही है, तब उन्होंने कहा था कि अगर उनकी कथा रोकी जाएगी तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर हनुमान चालीसा का पाठ रोका जाएगा तो अजान और चर्च की रविवार की प्रार्थना भी रोकी जानी चाहिए.
600 जिलों में संगठन खड़ा करने का संकल्प
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उन्होंने देश के 600 जिलों में अगले छह साल के भीतर बागेश्वर बालाजी सनातन संगठन खड़ा करने का संकल्प लिया है. इसके तहत हर जिले में संगठन बनाया जाएगा और छह संकल्पों के साथ काम किया जाएगा. उन्होंने कथा के संदेश के बारे में बताते हुए कहा कि गाय, गंगा, गायत्री, गीता और गुरु की रक्षा करना जरूरी है. इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना चाहिए. कुंडा में कथा के समापन के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार भी आयोजित किया जाएगा.