सर्दी के लिए आप नवंबर में अपने किचन गार्डन में पालक उगाएं. आयरन से भरपूर ये हरी सब्जी आप दूसरे सागों के साथ मिलाकर बना सकते हैं और दाल में भी डाल सकते हैं. आप ट्रे या गमले में इसके बीज बो सकते हैं. इसके लिए पहले बीजों को 24 घंटे के लिए पानी में भिगो दें और अगले दिन हल्की नमी को सुखाने के बाद मिट्टी में समान रूप से डाल दें. ऊपर से एक इंच मिट्टी की परत बिछा दें और पानी स्प्रे करें. 7 दिनों में ये ग्रो होने लगेंगे.

मेथी का साग भी सर्दियों में खूब खाया जाता है, लेकिन अब मार्केट में ऐसा साग आने लगा है जो बनने के दौरान बिल्कुल भी खुशबू नहीं देता है. कसूरी मेथी का साग बनाना है तो इसे घर पर उगाना बेस्ट रहेगा. इसके बीजों को भी आप पालक की तरह ही बो सकते हैं. चौड़ी ट्रे इसके लिए बेस्ट रहती हैं.
सरसों के साग का सर्दियों में लुत्फ उठाना कमाल लगता है. मक्खन और चावल या मक्के की रोटी के साथ ये इस सीजन का बेस्ट फूड रहता है. घर पर उगी ताजा सरसों की पत्तियों का साग तो और भी स्वादिष्ट लगता है. वर्मी कंपोस्ट खाद के साथ अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी तैयार करें और चौड़े कंटेनरों या जमीन में हेल्दी सरसों के बीज बो दें.
अमरंथ या लाल चौलाई भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद रहती है और सर्दियों में इसे अपनी थाली का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए. इसे भी आसानी से घर के गार्डन में कंटेनरों में उगाया जा सकता है. तकरीबन 30 से 40 दिन में ये हार्वेस्ट यानी कटाई के लिए तैयार हो जाता है.
चना का साग भी सर्दियों में खाने का अपना ही अलग मजा है. इसपर चने की फलियां आने में भले ही टाइम लगता है, लेकिन इसकी साग बनाने लायक नरम पत्तियां कुछ ही समय में तैयार हो जाती है, इसलिए नवंबर में इसे अगर लगाएंगे तो दिसंबर के लास्ट तक ये खाने लायक हो जाएगा.