दुनिया की सबसे बड़ी चिप बनाने वाली कंपनियों में शामिल Nvidia के शेयरों में अमेरिकी बाजार में कारोबार के बाद भारी गिरावट देखने को मिली. कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग को लेकर सामने आई खबरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. निवेशक अब इस बात का आकलन कर रहे हैं कि अगर हुआंग कंपनी के CEO नहीं रहते हैं तो Nvidia का भविष्य कैसा होगा. इसी अनिश्चितता के बीच कंपनी का शेयर करीब 10 फीसदी तक टूट गया. शेयर में गिरावट के चलते कंपनी के मार्केट कैप में करीब 38,000 करोड़ डॉलर यानी लगभग 36 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई.

4.19 ट्रिलियन डॉलर से 3.81 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंचा मार्केट कैप
कारोबार बंद होने के समय Nvidia का मार्केट कैप करीब 4.19 ट्रिलियन डॉलर था. हालांकि, अमेरिकी बाजार में नियमित कारोबार खत्म होने के बाद आफ्टरआवर्स ट्रेडिंग में कंपनी के शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली. शेयर 173.73 डॉलर से गिरकर 157.96 डॉलर पर पहुंच गया. इस गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर करीब 3.81 ट्रिलियन डॉलर रह गया. यानी कुछ ही घंटों में कंपनी की वैल्यूएशन में करीब 380 अरब डॉलर की कमी आई. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 36 लाख करोड़ रुपये बैठती है. यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब Nvidia आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप बाजार में सबसे अहम कंपनियों में शामिल है. दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए Nvidia के प्रोसेसर पर निर्भर हैं.
जेन्सेन हुआंग को लेकर क्यों बढ़ी चिंता?
Nvidia के शेयरों में गिरावट की बड़ी वजह कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग को लेकर सामने आई खबरें हैं. एक रिपोर्ट में हुआंग के अपने एक डायरेक्ट रिपोर्ट के साथ संबंधों का दावा किया गया. इसके बाद एक दूसरी रिपोर्ट में कहा गया कि Nvidia का बोर्ड उन्हें CEO पद से हटाने की तैयारी कर रहा है. इसके अलावा हुआंग ने कथित चीनी जासूस से जुड़े एक अलग संबंध को लेकर भी स्वीकारोक्ति की थी. इन खबरों ने कंपनी के कॉरपोरेट गवर्नेंस और नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
निवेशकों की चिंता केवल हुआंग से जुड़ी व्यक्तिगत खबरों तक सीमित नहीं है. जेन्सेन हुआंग Nvidia की रणनीति, AI चिप कारोबार और कंपनी के भविष्य की योजनाओं का प्रमुख चेहरा रहे हैं. ऐसे में उनके पद छोड़ने या हटाए जाने की आशंका से कंपनी की आगे की रणनीति को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है.
ब्रोकरेज कंपनियों ने घटाई रेटिंग और टारगेट
हुआंग से जुड़ी खबरों का असर वॉल स्ट्रीट के विश्लेषकों की राय पर भी दिखाई देने लगा है. Bernstein ने Nvidia के शेयर की रेटिंग घटाकर मार्केट परफॉर्म कर दी है. इससे पहले कंपनी ने इसे आउटपरफॉर्म रेटिंग दी थी. ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस भी 400 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर कर दिया. Baird ने भी Nvidia के शेयर की रेटिंग घटाकर न्यूट्रल कर दी है. वहीं Morgan Stanley ने कंपनी को अपनी टॉप पिक की सूची से हटा दिया है.
विश्लेषकों का मानना है कि Nvidia की वैल्यूएशन में जेन्सेन हुआंग की भूमिका काफी अहम रही है. निवेशक कंपनी की AI रणनीति और भविष्य की ग्रोथ को लेकर उनके विजन पर भरोसा करते रहे हैं. ऐसे में नेतृत्व में बदलाव की आशंका शेयर पर दबाव बना सकती है.
AI कारोबार पर भी पड़ सकता है असर
Nvidia की अहमियत केवल उसके चिप कारोबार तक सीमित नहीं है. कंपनी AI इंडस्ट्री के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाती है. ऐसे में कंपनी के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता का असर पूरे AI सेक्टर के निवेशकों की धारणा पर पड़ सकता है.
बाजार रणनीतिकारों के मुताबिक, अगर हुआंग CEO पद से हटते हैं तो नए नेतृत्व के सामने कंपनी की मौजूदा रणनीति को जारी रखने और कारोबार की तेज रफ्तार बनाए रखने की चुनौती होगी. Nvidia के लिए चीन की रणनीति और AI कंपनियों को मिलने वाली फाइनेंसिंग भी निवेशकों के लिए अहम मुद्दे बन सकते हैं.
17 नवंबर को आएंगे कंपनी के तिमाही नतीजे
Nvidia के लिए आने वाले दिन काफी अहम रहने वाले हैं. कंपनी 17 नवंबर को अपने तिमाही नतीजे पेश करने वाली है. निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी का कारोबार और AI चिप की मांग कैसी बनी हुई है. हालांकि, मजबूत कारोबारी प्रदर्शन के बावजूद CEO को लेकर अनिश्चितता शेयर की चाल को प्रभावित कर सकती है. फिलहाल निवेशक कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन के साथ उसके नेतृत्व और भविष्य की रणनीति पर भी नजर बनाए हुए हैं.