17 से 25 साल की उम्र के बीच जब मसूड़ों के सबसे आखिरी हिस्से में तेज दर्द, सूजन और असहजता महसूस होने लगती है, तो अक्सर समझ आ जाता है कि ‘अक्ल दाढ़’ (Wisdom Tooth) निकल रही है। हालांकि नाम में ‘अक्ल’ जरूर जुड़ा है, लेकिन इसका बुद्धिमत्ता या समझदारी से कोई संबंध नहीं होता। इस दौरान कुछ लोगों को ये दाढ़ बेहद परेशान करती है और लोग इस दर्द से छुटकारा पाने के लिए इसे निकालना चाहते हैं। ज्यादातर लोग एक बड़े सवाल में उलझ जाते हैं, क्या इस दर्दनाक दाढ़ को सर्जरी के जरिए निकलवा देना चाहिए या फिर इसे ऐसे ही रहने देना सही है? सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर अलग-अलग राय देखने को मिलती है। कुछ लोग अक्ल दाढ़ निकलवाने की सलाह देते हैं, जबकि कई लोग घरेलू नुस्खों से दर्द कम करने की बात करते हैं। लेकिन दांतों का मामला बेहद संवेदनशील होता है और गलत फैसला आगे चलकर दूसरे दांतों, जबड़े के अलाइनमेंट और आसपास की नसों पर असर डाल सकता है।

Clove Dental, पीतमपुरा की क्लीनिकल हेड डॉक्टर शिल्पी कौर के मुताबिक, अगर अक्ल दाढ़ सीधी निकल रही है और बाकी दांतों या मसूड़ों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा रही, तो इसे रहने दिया जा सकता है। विंडम टीथ, जिन्हें थर्ड मोलर भी कहा जाता है, आमतौर पर किशोरावस्था के आखिरी वर्षों या 20 साल की उम्र में निकलती हैं। कुछ लोगों में यह जल्दी आती है और कुछ में काफी देर से। वहीं कई लोगों में अकल दाढ़ बनती ही नहीं है। आइए डेंटिस्ट से विस्तार से जानते हैं कि अक्ल दाढ़ को कब निकालना जरूरी हो जाता है और किन स्थितियों में इसे बिना छुए छोड़ देना ही सही फैसला माना जाता है।
क्या अक्ल दाढ़ को जिंदगी भर रखा जा सकता है?
डॉ. शिल्पी बताती हैं अगर दांत स्वस्थ है, सही स्थिति में है, पूरी तरह बाहर आ चुका है और उसकी सफाई आसानी से हो सकती है, तो उसे जीवन भर रखा जा सकता है। समस्या यह है कि कई लोगों के जबड़े में इसके लिए पर्याप्त जगह नहीं होती, जिसकी वजह से दांत को जगह नहीं मिलती, सूजन, इन्फेक्शन, दर्द या आसपास के दांतों को नुकसान हो सकता है। डेंटिस्ट ने बताया दांत अगर परेशान कर रहा है तो उसे निकलवा देना ही बेहतर सलाह है।
अकल दाढ़ कितने प्रकार की होती है?
डेंटिस्ट के मुताबिक अकल दाढ़ मुख्य रूप से चार तरह की हो सकती है। कुछ पूरी तरह सामान्य दांत की तरह बाहर निकल आती हैं, कुछ आधी निकलती हैं, कुछ मसूड़े के अंदर फंसी रहती हैं और कुछ टेढ़ी होकर पास वाले दांत को नुकसान पहुंचाने लगती हैं। सामान्य तौर पर चार अकल दाढ़ होती हैं, लेकिन कई लोगों में एक या दो ही आती हैं, जबकि कुछ लोगों में अकल दाढ़ बनती ही नहीं।
Khabar Monkey
कैसे पहचानें कि अकल दाढ़ परेशानी कर रही है?
अगर अकल दाढ़ में दर्द हो रहा है, खाना चबाने में परेशानी हो रही है, सूजन आ रही है, मुंह खोलने में दिक्कत हो रही है या दर्द कान, सिर और गले तक पहुंच रहा है, तो यह संकेत हो सकता है कि अकल दाढ़ समस्या पैदा कर रही है।
क्या अकल दाढ़ निकलवाना जरूरी होता है?
एक्सपर्ट के अनुसार अगर अकलदाढ़ दर्द कर रही हो, उसमें कीड़ा लग गया हो या वह दूसरे दांत को नुकसान पहुंचा रही हो, तो उसे निकलवा देना बेहतर माना जाता है। हालांकि अगर अकल दाढ़ सामान्य है और कोई परेशानी नहीं दे रही, तो उसे रहने भी दिया जा सकता है।
अकल दाढ़ खाने चबाने में कितनी जरूरी होती है?
डॉक्टरों का कहना है कि खाना चबाने में पहले और दूसरे मोलर दांत ज्यादा काम आते हैं। अकल दाढ़ की भूमिका बहुत कम होती है, इसलिए जरूरत पड़ने पर इसे निकालने में ज्यादा नुकसान नहीं होता।
अकल दाढ़ का इलाज कैसे होता है?
अगर दांत सीधा है तो सामान्य एक्सट्रैक्शन से निकाला जा सकता है। लेकिन नीचे की अकल दाढ़ अक्सर मसूड़े या हड्डी में फंसी होती है, इसलिए कई बार सर्जरी करनी पड़ती है। कुछ मामलों में मसूड़ा और हड्डी काटकर दांत को टुकड़ों में निकालना पड़ता है। एक्सट्रैक्शन के बाद शुरुआती 24 से 48 घंटे काफी अहम होते हैं। आमतौर पर 5 से 7 दिनों में व्यक्ति सामान्य महसूस करने लगता है। अगर टांके लगे हों तो उन्हें हटाने में 7 से 10 दिन लग सकते हैं।
अकल दाढ़ निकलवाने के बाद क्या सावधानियां रखनी चाहिए?
- डॉक्टरों के अनुसार शुरुआती दो दिनों तक थूकना नहीं चाहिए,
- ठंडी और नर्म चीजें खानी चाहिए और डॉक्टर की दी हुई दवाइयां समय पर लेनी चाहिए।
- इसके अलावा 24 घंटे बाद गुनगुने नमक वाले पानी से कुल्ला करना चाहिए।
- अकल दाढ़ निकालने से चेहरे के आकार या लुक पर कोई असर नहीं पड़ता। इसलिए दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- डेंटिस्ट के अनुसार अकल दाढ़ का दर्द काफी तेज और असहनीय हो सकता है। कई बार घरेलू उपाय या पेनकिलर भी असर नहीं करते। ऐसे में संक्रमण बढ़ने से पहले डॉक्टर को दिखाना जरूरी होता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई सलाह किसी डॉक्टर या दंत चिकित्सक की पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। अगर आपको अक्ल दाढ़ में तेज दर्द, सूजन, संक्रमण या किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो बिना देरी किए योग्य डेंटिस्ट से संपर्क करें। स्वयं दवा लेने या घरेलू नुस्खों पर पूरी तरह निर्भर रहने से समस्या बढ़ सकती है।





