Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो2026 का आयोजन होना है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ वीवीआईपी और विदेशी मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया है. डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने रूट, पार्किंग और डायवर्जन को लेकर एडवाइजरी जारी की है.

एक्सपो मार्ट के गेट के हिसाब से एंट्री व्यवस्था
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एक्सपो मार्ट में आने वाले अलगअलग श्रेणी के लोगों के लिए अलगअलग प्रवेश गेट निर्धारित किए गए हैं. गेट नंबर1 से विशिष्ट अतिथियों और राजनयिकों को प्रवेश दिया जाएगा. वहीं, आम पैदल आगंतुकों के लिए गेट नंबर3, 4, 5, 6, 7 और 8 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी. गेट नंबर12 के पास अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
नासा पार्किंग से शटल बस की सुविधा
आम लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए नासा पार्किंग और बड़े गोलचक्कर के आसपास करीब 8 हजार से 10 हजार वाहनों की क्षमता तैयार की गई है. यहां वाहन पार्क करने के बाद लोगों को शटल बसों के जरिए एक्सपो मार्ट के गेट नंबर3, 4 और 5, 6 तक पहुंचाया जाएगा. इसके अलावा केसीसी, यूनाइटेड, जुबिलिएंट, आईटीएस और ट्रिनिटी कॉलेज परिसरों में भी वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें.
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
ट्रेड शो के दौरान एक्सपो मार्ट और नोएडाग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए 24 से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा. हालांकि दूध, फल, सब्जी और चिकित्सीय आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है. मालवाहक वाहनों के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है.
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान बदल सकता है रूट
25 सितंबर को वीवीआईपी आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था में जरूरत के अनुसार थोड़े समय के लिए डायवर्जन किया जा सकता है. इसके लिए चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, कालिंदी कुंज, महामाया फ्लाईओवर और परी चौक पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्थिति के अनुसार कुछ रास्तों पर वाहनों को कुछ समय के लिए दूसरे मार्गों पर भेजा जा सकता है.
दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद पुलिस से समन्वय
ट्रेड शो के दौरान दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के ग्रेटर नोएडा पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद पुलिस के साथ समन्वय किया है. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इन जिलों के साथ मिलकर डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रेड शो में आने के लिए मेट्रो सेवा का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें. किसी भी तरह की ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.