Turkey Helicopter Crash: में मंगलवार शाम एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया। पश्चिमी तुर्किये में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार 5 क्रू सदस्यों की मौत हो गई। तुर्किये के रक्षा मंत्रालय ने घटना की पुष्टि की है। पिछले 2 सप्ताह के भीतर देश के सशस्त्र बलों का यह दूसरा हेलिकॉप्टर हादसा है।

प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ हादसा
तुर्किये के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर AS532 कूगर मॉडल का था। हेलिकॉप्टर ने मंगलवार शाम एस्कीशेहिर से प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। यहां वायुसेना का पहला मुख्य जेट बेस कमांड स्थित है। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआत में मंत्रालय ने हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी थी। इसके बाद जारी बयान में पांचों क्रू सदस्यों की मौत की पुष्टि की गई। मंत्रालय ने मृत जवानों को वायुसेना के बहादुर साथी बताते हुए उनके निधन पर दुख जताया।
योरुकाकचायिर गांव के पास मिला मलबा
हादसा एस्कीशेहिर शहर के केंद्र से करीब 15 किलोमीटर पश्चिम में स्थित योरुकाकचायिर गांव के पास हुआ। दुर्घटना के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें नजर आईं।
तस्वीरों में हेलिकॉप्टर का मलबा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दिया। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।