West Bengal Recruitment Application Fee Waiver: पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं का आवेदन शुल्क समाप्त करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना लागू होने के बाद जनरल, एससी और एसटी समेत सभी वर्गों के उम्मीदवार बिना आवेदन शुल्क दिए सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, यह व्यवस्था लागू होने की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
सभी वर्गों के उम्मीदवारों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 16 नवंबर को पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं की फीस खत्म करना भाजपा के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों में शामिल है।
इस फैसले का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का आर्थिक बोझ कम करना है। कई उम्मीदवार एक साथ अलगअलग विभागों की भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करते हैं, जिससे उन्हें बारबार फीस जमा करनी पड़ती है।
2027 से आयु सीमा में भी मिलेगी छूट
मुख्यमंत्री ने आवेदन शुल्क माफी के अलावा सरकारी नौकरी के इच्छुक युवाओं को अधिकतम आयु सीमा में दो साल की अतिरिक्त छूट देने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 2027 से लागू करने की योजना है।
इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से ‘भरोसा योजना’ शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
पांच साल में एक लाख नौकरियों का लक्ष्य
राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में विभिन्न सरकारी विभागों में एक लाख नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। इनमें पुलिस और शिक्षा विभाग की भर्तियां भी शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।