Hapur Samajwadi Party: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने हापुड़ में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने हापुड़ की जिला कार्यकारिणी समेत सभी मोर्चा संगठनों की कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल हापुड़ के पदाधिकारियों और सदस्यों को भी हटा दिया गया है। इस फैसले के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हलचल मच गई है।

आदेश
संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी
विधानसभा चुनाव से पहले सपा संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी की ओर से इन दिनों SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर आंदोलन किए जा रहे हैं। हापुड़ में भी बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और मतदाताओं से जुड़ने के लिए पदाधिकारियों को विस्तृत कार्यक्रम सौंपा गया था। इसी बीच प्रदेश नेतृत्व ने संगठन में बदलाव का फैसला लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया निर्देश
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की ओर से जारी निर्देश के तहत हापुड़ की जिला कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठनों की कमेटियां भंग कर दी गई हैं। इसके साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल हापुड़ के पदाधिकारियों और सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। कमेटियां भंग करने के पीछे संगठनात्मक कमजोरी को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के कुछ पदाधिकारी इसे सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया बता रहे हैं।
नैना गुर्जर और बबलू गुर्जर के बीच विवाद बना वजह ?
इस फैसले के पीछे गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावेदारी को लेकर नैना गुर्जर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर के बीच टकराव को मुख्य कारण माना जा रहा है। दोनों ही नेता गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे हैं। 2 दिन पहले नैना गुर्जर पर पार्टी का जॉब वर्क करने वाले कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा था। इस मामले को लेकर सोमवार को नैना गुर्जर और उनके पति नीरज सिंह ने दिल्ली में अखिलेश यादव और डिंपल यादव से मुलाकात की थी।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
चर्चा है कि इस मुलाकात के दौरान उन्होंने जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर और उनके साथियों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया और इससे जुड़े कई साक्ष्य भी सौंपे। नैना गुर्जर पर लगे आरोपों की जिम्मेदारी भी जिलाध्यक्ष पर डाली गई। बताया जा रहा है कि इसी बैठक में जिलाध्यक्ष और कुछ पदाधिकारियों को हटाने का फैसला हुआ था। हालांकि, बाद में हापुड़ के सभी संगठनों के साथ राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल जिले के पदाधिकारियों को भी हटा दिया गया।
ये खबर भी पढ़ें:
बबलू गुर्जर बोले पार्टी का सच्चा सिपाही हूं
कमेटियां भंग होने के बाद निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर ने कहा कि हाईकमान के निर्देश पर जिले की सभी कमेटियां भंग की गई हैं। उन्होंने इस फैसले को अप्रत्याशित बताया। बबलू गुर्जर ने कहा कि कल तक सब ठीक था, एकाएक यह आदेश आया है। मैं कल को नेताजी से बात करूंगा, तब कारण का पता चलेगा। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। पार्टी की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा।