मानसून के पूरे देश को कवर करने के बाद कई राज्यों में बारिश जारी है। दिल्ली में लगातार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। तुखमीरपुर में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश हुई। विकास मार्ग, संगम विहार, द्वारका, मुनीरका, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर सड़कें डूब गई। गाजीपुर मंडी और आसपास का इलाका पानी में डूब गया। कार पर पेड़ भी गिरा।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में शुक्रवार को यमुनोत्री हाईवे 100 मीटर बह गया। इससे करीब 1000 यात्री फंसे हैं। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग चट्टानें गिरने से बंद है। हरिद्वार में सड़कों पर 34 फीट पानी भर गया।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 30 शहरों में बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलगअलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से एक ही परिवार के 2 लोगों की जान गई। हरदोई में 2 बहनें नदी में बह गईं। वहीं, बिहार के गोपालगंज में बिजली गिरने से एक की मौत हो गई।
मानसून ने पूरे देश को कवर किया
मानसून ने गुरुवार को पूरे देश को कवर कर लिया। इसे पूरे देश को कवर करने में 38 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार 36 दिन में ही कवर कर लिया। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
हिमाचल: सिरमौरसोलन में स्कूल बंद, लैंडस्लाइडबाढ़ का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को सिरमौर और सोलन जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़, पेड़ गिरने और सड़कें बंद होने की चेतावनी दी है।
गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक सिरमौर जिले के पच्छाद में 207 मिमी, नाहन में 158.5 मिमी, कसौली में 145 मिमी और धर्मपुर में 136.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सोलन में 113 मिमी, पालमपुर में 109 मिमी और शिमला में 58.8 मिमी बारिश हुई। बारिश से सिरमौर जिले में कई सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला जिले में भी 27 रोड यातायात के लिए बंद हैं। विकासनगर इलाके में एक इमारत के सामने की दीवार गिरने से सड़क किनारे खड़ी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे से मलबा हटाया गया
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नालूपानी के पास लैंडस्लाइड के बाद सड़क से मलबा हटा दिया गया है। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्तराखंड: टिहरी में लैंडस्लाइड का खतरा, 3 परिवार सुरक्षित जगह भेजे गए
उत्तराखंड के टिहरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नई टिहरी के सी ब्लॉक टाइप3 सरकारी आवासीय परिसर में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वहां रहने वाले 3 परिवारों को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया है।