Pannun Murder Conspiracy Case: की एक अदालत ने की हत्या की साजिश के मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। 55 वर्षीय निखिल ने साल 2026 की शुरुआत में ही हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को स्वीकार कर लिया था।

20 नवंबर शुक्रवार को निखिल को सजा सुनाई गई। इस दौरान निखिल ने अदालत में पन्नू और सिख समुदाय से माफी भी मांगी। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।
निखिल ने पन्नू और सिख समुदाय से मांगी माफी
सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने करीब 6 मिनट तक अदालत के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे महान नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘वह उनके बताए रास्ते पर चलना चाहते थे।’
इसके बाद उन्होंने पन्नू की ओर देखते हुए अपने किए पर पछतावा जताया और पन्नू, सिख समुदाय तथा इससे जुड़े लोगों से माफी मांगी।
उन्होंने कहा कि ‘इस मामले का असर उनके परिवार पर भी पड़ रहा है। उनकी पत्नी, मां और बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि उनका इस मामले से कोई लेनादेना नहीं है।’
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाएंगे निखिल
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। जज ने स्पष्ट किया कि ‘सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।’
वहीं, निखिल के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जताई है। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि अदालत उनके मुवक्किल को इससे कम सजा सुनाएगी।
2023 में रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश
अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया था।
आरोपों के अनुसार, यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन का मुखबिर था।
गुप्ता ने कथित तौर पर उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यादव के निर्देश पर गुप्ता के जरिए हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की बात हुई थी।
इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने अपने एक साथी के माध्यम से 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के रूप में भी भिजवाए थे।
भारत सरकार ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोपों को नकारा
इस मामले को लेकर पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा दायर किया है। पन्नू ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे।
वहीं, भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करता है। उन्होंने पन्नू के मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था।