प्रकृति अपने भीतर अनगिनत रहस्यों को छिपाए बैठी है, और समय-समय पर इनमें से कुछ रहस्य सामने आकर हमें चौंका देते हैं. हाल ही में मेघालय के वेस्ट गारो हिल्स के घने जंगलों से एक ऐसा ही दिलचस्प और महत्वपूर्ण खोज सामने आई है. वैज्ञानिकों ने यहां एक बेहद दुर्लभ, जमीन के भीतर रहने वाले सांप की पहचान की है, जिसे अब एक नई प्रजाति के रूप में मान्यता दी गई है.

मेघालय का गारो हिल्स क्षेत्र पहले से ही अपनी समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है. यहां के जंगल कई अनोखे और कम ज्ञात जीवों का घर हैं. इसी क्षेत्र के ओरागितोक इलाके में शोधकर्ताओं की एक टीम को एक खास प्रकार का सांप मिला. स्टडी के बाद इस नई प्रजाति को कैलामारिया गारोएन्सिस नाम दिया गया है, जिसे आम भाषा में गारो हिल्स रीड स्नेक भी कहा जा रहा है. इस खोज को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिका में पब्लिश किया गया, जिससे इसे वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली है.
क्या है इस सांप की खासियत?
शुरुआत में यह सांप वैज्ञानिकों के लिए नया नहीं लगा, क्योंकि लंबे समय तक इसे एक पहले से ज्ञात प्रजाति कैलामारिया पविमेंटाटा का ही हिस्सा समझा जाता रहा. दोनों सांपों की बनावट और रंग-रूप में काफी समानता है, जिससे भ्रम होना स्वाभाविक था. लेकिन जब वैज्ञानिकों ने इसका विस्तार से अध्ययन किया, तो कई ऐसे अंतर सामने आए जो इसे एक अलग प्रजाति साबित करते हैं.
इस शोध में कॉटन यूनिवर्सिटी, हेल्प अर्थ संगठन और इंडोनेशिया की नेशनल रिसर्च एजेंसी के विशेषज्ञ शामिल थे. वैज्ञानिकों ने इस सांप के शारीरिक गुणों के साथ-साथ इसके माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए का भी विश्लेषण किया. डीएनए जांच के परिणाम बेहद महत्वपूर्ण साबित हुए. इसमें पाया गया कि यह सांप मिजोरम क्षेत्र में पाए जाने वाले समान सांपों से लगभग 6.3 प्रतिशत अलग है. वैज्ञानिकों के अनुसार, यह अंतर इतना महत्वपूर्ण है कि इसे एक नई प्रजाति घोषित करने के लिए पर्याप्त माना जाता है.
रीड स्नेक सामान्यतः छोटे आकार के होते हैं और इनकी Lifestyle काफी रहस्यमयी होती है. ये ज्यादातर समय जमीन के भीतर ही रहते हैं, जिससे इन्हें ढूंढना बेहद कठिन हो जाता है. यही वजह है कि इस तरह की प्रजातियां लंबे समय तक वैज्ञानिकों की नजर से बची रह जाती हैं. कैलामारिया गारोएन्सिस भी इसी प्रकार का सांप है, जो अपनी अनोखी विशेषताओं के कारण अलग पहचान रखता है.
इस सांप की सबसे खास पहचान इसकी पूंछ के नीचे मौजूद काली पट्टी है. इसके अलावा, इसके शरीर पर विशेष प्रकार की धारियां पाई जाती हैं, जो इसे अन्य प्रजातियों से अलग बनाती हैं. इसकी पूंछ चपटी होती है, जो इसे मिट्टी खोदने में मदद करती है. ये अनुकूलन इसे जमीन के भीतर आसानी से चलने और छिपने में सक्षम बनाता है. इस तरह की शारीरिक संरचना इस बात का संकेत देती है कि यह सांप पूरी तरह से अंडरग्राउंड जीवन के लिए Adapted है.





