NEET Paper Leak Case: दिल्ली की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने NEETUG 2026 पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। शनिवार को सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया। सभी ने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। मामले की रोजाना सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी।

Court Hearing में तय हुए आरोप
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई आरोप तय किए हैं। इससे पहले 18 नवंबर को कोर्ट ने 206 पन्नों के आदेश में आरोप तय करने का निर्देश दिया था। अदालत के मुताबिक, पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। आरोप है कि उन्होंने NTA की गोपनीय परीक्षा सामग्री अवैध तरीके से हासिल की और एकदूसरे तक पहुंचाई।
NTA Experts पर लगे गंभीर आरोप
इस मामले में मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हवालदार को आरोपी बनाया गया है। मंधारे बायोलॉजी, कुलकर्णी केमिस्ट्री और हवालदार फिजिक्स की एक्सपर्ट थीं। तीनों NTA के लिए काम कर रही थीं। कोर्ट ने उन्हें लोक सेवक माना है। आरोप है कि तीनों ने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल किए।
अन्य आरोपियों तक कैसे पहुंची सामग्री?
अदालत के मुताबिक, तीनों एक्सपर्ट से गोपनीय परीक्षा सामग्री धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगलिलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी तक पहुंची। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों को पता था कि सामग्री NTA से जुड़े व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई है। इसे एक आरोपी से दूसरे आरोपी तक क्रमवार पहुंचाया गया।
उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचने की आशंका
कोर्ट के मुताबिक, तीनों एक्सपर्ट को पता था कि गोपनीय सवाल साझा करने से योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हो सकता है। लीक सामग्री के आधार पर कोई अयोग्य उम्मीदवार चयनित हो सकता था और किसी योग्य उम्मीदवार का चयन रुक सकता था। इससे उम्मीदवारों की कोचिंग, यात्रा और रहने पर किया गया खर्च भी बेकार हो सकता था। अदालत ने गोपनीय सवालों को NTA की कॉपीराइट सामग्री मानते हुए कॉपीराइट एक्ट के तहत भी आरोप तय करने का निर्देश दिया।
CBI ने दाखिल की थी चार्जशीट
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद 14वें आरोपी शेषराव सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई। वह महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला है और उसे 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। NEETUG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई।