बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्मी दुनिया में शोक का माहौल है। इस बीच अभिनेत्री तनुश्री दत्ता अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गई हैं। उन्होंने नाना पाटेकर की मौत को ‘ईवल डेड’ बताया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। अब अभिनेत्री संध्या मृदुल ने एक पोस्ट के जरिए पीड़ितों के दर्द और उनके अनुभवों पर बात की है।

संध्या मृदुल ने पोस्ट में क्या कहा?
संध्या मृदुल ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा किया है। उन्होंने इसमें किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है, जब तनुश्री दत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है। इसी वजह से लोग संध्या की पोस्ट को नाना पाटेकर और तनुश्री दत्ता से जोड़कर देख रहे हैं।
अपने पोस्ट में संध्या ने लिखा, “किसी व्यक्ति की मौत से उसके किए नुकसान अपने आप खत्म नहीं हो जाते। किसी के चले जाने से उसके दुर्व्यवहार की सच्चाई नहीं बदल जाती। सार्वजनिक रूप से किसी की तारीफ किए जाने से उन लोगों के अनुभव भी कम सच्चे नहीं हो जाते, जिन्होंने उसके व्यवहार से दर्द सहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी व्यक्ति के लिए दुख जताने के साथसाथ उन लोगों के दर्द को याद रखना भी जरूरी है, जो उससे जुड़ी तकलीफों से गुजर रहे हैं।
संध्या ने यह भी लिखा कि जब किसी के बारे में सिर्फ अच्छी बातें कहने की इजाजत होती है और पीड़ितों को भुला दिया जाता है, तो उन्हें ऐसा महसूस हो सकता है कि उनकी सच्चाई को एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया है।
संध्या मृदुल ने पूछे तीखे सवाल
संध्या मृदुल ने एक और पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने कुछ सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “क्या किसी के मरने के बाद वह उत्पीड़न करने वाला नहीं रह जाता? क्या उसके किए नुकसान भी खत्म हो जाते हैं? पीड़ितों के लिए ऐसा नहीं होता।” इस पोस्ट के साथ संध्या ने लिखा, “पीड़ित को इसी के साथ जीना पड़ता है। मैं हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी हूं।”
उन्होंने अपने पोस्ट में ‘मीटू’ हैशटैग का भी इस्तेमाल किया। उनके इस बयान को पीड़ितों के अनुभवों और उनके दर्द को समझने की अपील के तौर पर देखा जा रहा है।