आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदलाबदली ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रह चुके हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे। हालांकि, मुंबई से उनके जाने से पहले राजस्थान रॉयल्स ने भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की पूरी कोशिश की थी। लेकिन जोफ्रा आर्चर और यशस्वी जायसवाल को लेकर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच सहमति नहीं बन सकी और यह सौदा आखिरी समय में टूट गया।

मौजूद जानकारी के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए काफी गंभीर थी। टीम के मालिकों और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने इस सिलसिले में बेंगलुरु पहुंचकर बातचीत भी की थी। राजस्थान को उम्मीद थी कि हार्दिक के आने से टीम को एक अनुभवी कप्तान और बेहतरीन हरफनमौला खिलाड़ी मिल जाएगा। लेकिन मुंबई इंडियंस ने इस सौदे में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को भी शामिल करने की शर्त रख दी। मुंबई चाहती थी कि हार्दिक के बदले राजस्थान यशस्वी जायसवाल के साथ आर्चर को भी दे। हालांकि, राजस्थान ने इस शर्त को स्वीकार नहीं किया और बातचीत खत्म हो गई।
इस फैसले के बाद राजस्थान को अब अपने मौजूदा कप्तानी विकल्पों के साथ आगे बढ़ना होगा। आईपीएल 2027 में रियान पराग टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। उनकी कप्तानी में राजस्थान ने 2026 के सत्र में प्लेऑफ तक जगह बनाई थी। हालांकि, बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। भारतीय टीम में भी वह अभी अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं। ऐसे में हार्दिक को टीम में शामिल करने का मौका गंवाना राजस्थान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
दरअसल, राजस्थान को लंबे समय से ऐसे कप्तान की तलाश रही है, जो टीम को खिताब तक पहुंचा सके। हार्दिक इस मामले में खुद को साबित कर चुके हैं। उन्होंने 2022 में गुजरात टाइटंस को उसके पहले ही सत्र में खिताब दिलाया था। इसके बाद 2023 में भी गुजरात की टीम फाइनल तक पहुंची थी। वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी के साथ हार्दिक का अनुभव राजस्थान के लिए मजबूत टीम तैयार करने में मददगार हो सकता था।
हार्दिक की फिटनेस को लेकर भले ही समयसमय पर सवाल उठते रहे हों, लेकिन उनके आंकड़े उनकी उपयोगिता बताते हैं। उन्होंने आईपीएल के 162 मुकाबलों में 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट भी हासिल किए हैं। यानी वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
राजस्थान के हाथ से निकला यह मौका पंजाब किंग्स के लिए बड़ी कामयाबी साबित हुआ। पंजाब ने हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के साथ बदलने पर सहमति दे दी। इस सौदे के तहत हार्दिक 18 करोड़ रुपये की बढ़ी हुई कीमत पर पंजाब पहुंचे, जबकि अर्शदीप 18 करोड़ रुपये की अपनी पुरानी कीमत पर मुंबई की टीम में शामिल हुए। इससे पहले हार्दिक को मुंबई में 16.35 करोड़ रुपये मिलते थे।
बता दें कि हार्दिक ने 2015 में पहली बार मुंबई इंडियंस के साथ आए थे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते। 2024 में वह रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनकर मुंबई लौटे थे। हालांकि, उनकी दूसरी पारी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उनकी कप्तानी में 3 सत्रों में मुंबई 2 बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। अब पंजाब के साथ उनकी नई शुरुआत पर सबकी नजरें टिकी हैं।