IND vs ENG 2nd T20I: भारतीय महिला टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए इंग्लैंड की टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले को टीम इंडिया ने एकतरफा 38 रनों से अपने नाम किया था। वहीं दोनों टीमों के बीच में सीरीज का दूसरा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला गया, जिसे मेजबान इंग्लैंड महिला टीम ने 26 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया है। इस मैच में इंग्लैंड महिला टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था और 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रनों का स्कोर बनाया था। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 142 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।

इंग्लैंड की तरफ से बल्लेबाजी में एलिस केप्सी, एमी जोन्स और फ्रेया केंप ने अहम भूमिका निभाई, जिसमें केप्सी और जोन्स के बल्ले से जहां 28-28 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं फ्रेया जो अंतिम ओवर्स में बल्लेबाजी करने उतरी थी उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 39 रनों की पारी खेलने के साथ टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। भारतीय महिला टीम की तरफ से गेंदबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें श्री चरणी का कमाल देखने को मिला जिन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए, इसके अलावा नंदिनी शर्मा और श्रेयंका पाटिल 1-1 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रही।
भारतीय महिला टीम की टारगेट का पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने 27 के स्कोर पर अपना पहला विकेट शैफाली वर्मा के रूप में गंवा दिया जो 22 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के बीच में दूसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी देखने को मिली। मंधाना के 32 रन बनाकर आउट होने के साथ फिर अचानक विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला, जिसमें यास्तिका जहां 33 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड आउट हो गईं तो वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 28 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में लॉरेन बेल, चार्लोट डीन और फ्रेया केंप ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि सोफी एक्लेस्टोन ने एक विकेट अपने नाम किया। अब दोनों टीमों के बीच में सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला 2 जून को खेला जाएगा।
यहां पर देखिए भारत और इंग्लैंड महिला टीम के बीच दूसरे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारतीय महिला टीम – स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी।
Khabar Monkey
इंग्लैंड महिला टीम – डैनी व्याट-हॉज, सोफिया डंकले, एमी जोन्स (विकेटकीपर), ऐलिस कैप्सी, हीदर नाइट, फ्रेया केम्प, डेनिएल गिब्सन, चार्लोट डीन (कप्तान), सोफी एक्लेस्टोन, लिन्से स्मिथ, लॉरेन बेल।





