Nissan अपनी नई दमदार SUV Terrano को लेकर चर्चा में है. कंपनी ने इस साल अप्रैल में बीजिंग ऑटो शो के दौरान इसका कॉन्सेप्ट मॉडल पेश किया था. यह एक लैडरफ्रेम SUV है, जिसे चीन में तैयार किया गया है. कंपनी इसे चीन के अलावा लैटिन अमेरिका, ASEAN और मिडिल ईस्ट के बाजारों में भी उतार सकती है. भारत में भी इसकी एंट्री हो सकती है. चीन की सरकारी रेगुलेटरी फाइलिंग में इस SUV के डायमेंशन और इंजन से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं.

Toyota Fortuner से भी बड़ी होगी Nissan Terrano
चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, नई की लंबाई 5,098 mm और व्हीलबेस 2,850 mm है. अगर भारत में बिकने वाली Toyota Fortuner से इसका कंपैरिजन करें तो इसकी लंबाई 4,795 mm और व्हीलबेस 2,745 mm है. यानी Terrano लंबाई और व्हीलबेस, दोनों मामलों में Fortuner से बड़ी होगी.
इसकी लंबाई Toyota Land Cruiser 250 से भी करीब 110 mm ज्यादा है. हालांकि, Nissan की ग्लोबल फ्लैगशिप SUV Patrol/Armada के मुकाबले यह लगभग 277 mm छोटी है.
ऑफरोडिंग के लिए मिलेगा दमदार सेटअप
Nissan Terrano को लैडरफ्रेम प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसका आधार चीन में बिकने वाला पिकअप ट्रक है. इसके सभी वेरिएंट्स की टोइंग कैपेसिटी 2,500 kg बताई है.
इस SUV में ग्राहकों को टो हिच, साइड स्टेप्स, सनरूफ, खास डिजाइन वाले बंपर और अलॉय व्हील्स के साथ रियर स्पॉइलर जैसे विकल्प मिल सकते हैं. हालांकि, कंपनी ने अभी इसके केबिन और इंटीरियर फीचर्स की जानकारी नहीं दी है.
पेट्रोल और डीजल इंजन के भी मिलेंगे ऑप्शन
Nissan Terrano सिर्फ हाइब्रिड इंजन तक सीमित नहीं रहेगी. इसमें सामान्य पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प भी दिए जाएंगे. पेट्रोल मॉडल में 2.0लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन मिलेगा, जो 258 PS की पावर देगा. वहीं, डीजल वेरिएंट में 2.3लीटर 4सिलेंडर टर्बो इंजन दिया जाएगा, जो 190 PS की ताकत जनरेट करेगा. दोनों इंजन ऑप्शन की टॉप स्पीड 170 kmph बताई गई है.
272 PS की पावर वाला प्लगइन हाइब्रिड मॉडल
Terrano का प्लगइन हाइब्रिड वेरिएंट भी खास होगा. इसमें 2.0लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन को एक इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा जाएगा. इंजन 207 PS और इलेक्ट्रिक मोटर 78 PS की पावर देगी. दोनों को मिलाकर कुल आउटपुट 272 PS बताया गया है. इसमें LFP बैटरी का इस्तेमाल किया जाएगा.
भारत में कब आ सकती है नई Terrano?
Nissan ने अभी भारत में Terrano की लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी भारतीय बाजार के लिए इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है. इसे 2027 या 2028 में पेश किया जा सकता है. देश में सख्त होते CAFE एमिशन नियमों को देखते हुए कंपनी यहां इसका प्लगइन हाइब्रिड वर्जन उतार सकती है.