Noida News: नोएडा के सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी से दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां 19वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरकर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. तड़के करीब 3 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंची सेक्टर39 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत की असली वजह जानने के लिए परिवार से पूछताछ तथा छात्रा के मोबाइल फोन की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 16 वर्षीय दिशिता दुबे के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी की 19वीं मंजिल पर रहती थी और नोएडा के एक नामी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी. उसके पिता एक निजी कंपनी में वरिष्ठ अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं और परिवार मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला बताया गया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि सोमवार रात छात्रा ने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया था, लेकिन वह पढ़ाई को लेकर पिछले काफी दिनों से मानसिक तनाव में चल रही थी. मंगलवार सुबह करीब 3:00 बजे वह फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गई, जिससे ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
मोबाइल फोन खंगाल रही पुलिस, हर पहलू से की जा रही गहन जांच
घटना के बाद से मृतका के परिजन गहरे सदमे में हैं. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा था या छात्रा ने तनाव के चलते आत्मघाती कदम उठाया. इसके लिए छात्रा के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. सेक्टर39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, और फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.