टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई ने 30 प्रतिशत या इससे अधिक बाजार हिस्सेदारी रखने वाली टेलीकॉम कंपनियों के लिए इंटरकनेक्शन रेट्स को सार्वजनिक करना अनिवार्य कर दिया है. इसका उद्देश्य ट्रांसपेरेंसी बढ़ाना और अन्य कंपनियों को अपनी सेवाओं के प्रसारण के लिए उनके नेटवर्क तक समान पहुंच उपलब्ध कराना है. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ने शुक्रवार को जारी संशोधित नियमों में यह प्रावधान किया. टेलीकॉम नेटवर्क के बीच इंटरकनेक्शन की जरूरत एक नेटवर्क से दूसरे नेटवर्क पर कॉल, संदेश और डेटा सर्विस के निर्बाध प्रसारण के लिए होती है.

2015 में उठा था मुद्दा
इंटरकनेक्शन का मुद्दा वर्ष 2015 में उस समय प्रमुखता से उठा था, जब रिलायंस जियो ने टेस्टिंग सर्विस शुरू की थी. कंपनी ने आरोप लगाया था कि प्रतिस्पर्धी कंपनियां उसे अपने नेटवर्क तक पहुंच नहीं दे रही हैं, जिससे उसके ग्राहकों की कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रही हैं. दूरसंचार इंटरकनेक्शन विनियमन, 2026 के तहत किसी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को महत्वपूर्ण बाजार शक्ति वाला माना जाएगा, यदि किसी लाइसेंसप्राप्त या रजिस्टर्ड टेलीकॉम सर्विस सेक्टर में वह एक या अधिक निर्धारित मानकों में कमसेकम 30 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है.
कंपनियों को करना होगा ये काम
एसएमपी का आकलन चार मानकों के आधार पर किया जाएगा. इनमें एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू, ग्राहकों की संख्या, नेटवर्क की वॉयस कॉल संभालने की क्षमता और ट्रैफिक की मात्रा शामिल हैं. ट्राई ने कहा कि एसएमपी के रूप में चिह्नित सर्विस प्रोवाइडर्स को इस निर्धारण के 30 दिन के भीतर रेगुलेटर से अपने संदर्भ इंटरकनेक्शन प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जमा करना होगा. मंजूरी मिलने के 15 दिन के भीतर इसे अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा.
लग सकता है जुर्माना
यदि ट्राई आरआईओ में बदलाव का निर्देश देता है, तो सेवा प्रदाता को 15 दिन के भीतर संशोधित प्रस्ताव नियामक को सौंपना होगा. आरआईओ को निर्धारित समय में प्रकाशित नहीं करने पर 25 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा. वहीं, ग्राहकों की संख्या, नेटवर्क की वॉयस कॉल संभालने की क्षमता और ट्रैफिक की मात्रा से जुड़े आंकड़े समय पर प्रकाशित नहीं करने पर 15 लाख रुपए तक का जुर्माना लगेगा. ट्राई के संशोधित इंटरकनेक्शन नियम जनवरी, 2027 से लागू होंगे.