Delhi Ramleela: दिल्ली की रामलीला में इस बार रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फीट ऊंचा कॉकरोच भी जलाया जाएगा। पीतमपुरा की श्री केशव रामलीला कमेटी ने ये फैसला लिया है।

कॉकरोच गंदगी का प्रतीक
कमेटी के अध्यक्ष और बीजेपी विधायक अशोक गोयल ने कहा कि कॉकरोच गंदगी का प्रतीक है। इसे जलाकर लोगों को सफाई का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने इस पहल के पीछे किसी भी राजनीतिक मकसद से इनकार किया है।
स्वच्छता का संदेश देने के लिए पहल
अशोक गोयल के मुताबिक कॉकरोच का पुतला स्वच्छ भारत और स्वच्छ दिल्ली अभियान का हिस्सा है। इसे रावण की सेना के असुरों के साथ भी दिखाया जाएगा। कमेटी का कहना है कि इससे बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी मजबूत होगा।
CJP के विरोध से क्यों जुड़ रहा है कॉकरोच ?
ये फैसला ऐसे समय आया है, जब कॉकरोच जनता पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। संगठन ने कॉकरोच को विरोध के प्रतीक के तौर पर अपनाया है। ये बेरोजगारी, परीक्षाओं में गड़बड़ी और सरकार की जवाबदेही जैसे मुद्दे उठा रहा है। CJP ने जून और जुलाई में जंतरमंतर पर एक महीने तक धरना दिया था। 20 जुलाई को संगठन ने संसद तक मार्च निकाला था। अब यह विपक्षी दलों और छात्र संगठनों के साथ मिलकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ियों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
CJP संस्थापक समेत हिरासत में 3 लोग
10 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने मुंबई से आई एअर इंडिया की फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने के बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया था। तीनों को जंतरमंतर पहुंचने से पहले ही फ्लाइट से उतार लिया गया था। कुछ दिन बाद सौरव दास और आशुतोष रांका को बॉन्ड की शर्तें नहीं मानने और जंतरमंतर में घुसने के आरोप में 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
कनॉट प्लेस में तिरंगे के साथ जुटने की अपील
CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने लोगों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगे के साथ जुटने की अपील की है। उन्होंने इसे तिरंगा फहराने के अधिकार की रक्षा से जोड़ा है। दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले लोगों से अपने शहरों में झंडा मार्च निकालने को कहा गया है।
ये खबर भी पढ़ें:
कनॉट प्लेस और जंतरमंतर पर सुरक्षा बढ़ाई
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं। कनॉट प्लेस और जंतरमंतर के आसपास कड़ा पहरा रहेगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रदर्शन रोकने से इनकार कर दिया था। पुलिस का कहना है कि कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रदर्शनों में शामिल कार्यकर्ताओं, स्टूडेंट्स के साथ पत्रकारों को भी हिरासत में लिया गया है।