David Dhawan On Shah Rukh Khan: दिग्गज फिल्ममेकर डेविड धवन करीब 6 साल के बाद फिर से डायरेक्टर के तौर पर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. उनकी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 22 मई को बड़े पर्दे पर आएगी. खास बात ये है कि इस फिल्म में लीड रोल में उनके ही बेटे और अभिनेता वरुण धवन हैं. फिल्म की रिलीज़ से पहले अब डेविड धवन ने एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें कई सवालों के जवाब दिए हैं.

ने अपने करियर में करीब 45 फिल्मों का निर्देशन किया. उन्होंने गोविंदा के साथ तो फिल्मों की लाइन ही लगा दी. साथ ही अनिल कपूर, ऋषि कपूर, सलमान खान, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और संजय दत्त जैसे तमाम बड़े एक्टर्स के साथ कई हिट फिल्में दी. पर बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार कहे जाने वाले शाहरुख खान के साथ उन्होंने अपने इतने साल के करियर में एक भी फिल्म नहीं की. पिंकविला के एक इंटरव्यू में अब डेविड ने इस बारे में बात की है.
शाहरुख संग क्यों नहीं किया काम?
जब उनसे सवाल हुआ कि क्या कभी के साथ फिल्म करने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई, तो उन्होंने कहा, “ऐसी बात नहीं है. शायद एक वक्त ऐसा था, जब हम दोनों साथ में कुछ करने की प्लानिंग कर रहे थे. पर मैं हमेशा बिज़ी रहता था. हमेशा ही मेरी दो फिल्में फ्लोर पर रहती थीं. इसलिए ये बहुत मुश्किल था. पर हां, एक वक्त पर तो हम करने ही वाले थे.”
आगे डेविड धवन कहते हैं, “पर मेरा कभी भी ऐसा नहीं है कि मैं इस एक्टर के साथ काम करूंगा. मैंने जैसे गोविंदा के साथ किया, सलमान के साथ किया, संजय…वही हो गया था हिसाब किताब.”
कुली नंबर 1 के बाद वापस आ रहे डेविड
डेविड धवन की आखिरी फिल्म साल 2020 में आई थी. नाम था ‘कुली नंबर 1’. इसमें भी वरुण धवन ही नज़र आए थे. साथ में थीं सारा अली खान. ये गोविंदा की साल 1995 में आई ‘कुली नंबर 1’ का रीमेक थी, जो कि 1993 में आई तमिल फिल्म ‘सिन्हा मप्पलैई’ का हिंदी रीमेक थी. अब वो ‘है जवानी तो इश्क होना है’ से वापसी कर रहे हैं. इसमें वरुण के अलावा पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर फीमेल लीड के तौर पर नज़र आने वाली हैं. साथ में फिल्म में मौनी रॉय, रोहित सराफ, जिमी शेरगिल, चंकी पांडे, राजेश कुमार और मनीष पॉल जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे.





