Azam Khan ED Arrest: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से की गई अपनी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उनकी याचिका पर सोमवार को मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने जल्द सुनवाई की मांग रखी गई।

सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई की मांग
आजम खान की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा ने अदालत में मामले को जल्द सुनवाई के लिए मेंशन किया। उन्होंने याचिका पर तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया। पीठ ने याचिका को इसी सप्ताह सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है।
रिहाई के 40 मिनट बाद ED ने किया था गिरफ्तार
मामले में याचिकाकर्ता के वकील निजाम पाशा ने सुनवाई की मांग रखते हुए आजम खान की गिरफ्तारी से जुड़ी परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। बताया गया कि आजम खान को एक मामले में रिहाई मिलने के महज 40 मिनट बाद ही ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया था।
अब सुप्रीम कोर्ट में आजम खान की याचिका पर इसी सप्ताह सुनवाई होने की संभावना है। इसमें ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती दी गई है।