Awarapan 2 And Lahore 1947 Clash: सिनेमाघरों में अक्सर ही दो या उससे ज्यादा फिल्मों के बीच क्लैश होता रहता है. जब भी किसी पिक्चर के बीच क्लैश होता है, तो इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो जाती है कि आखिर बॉक्स ऑफिस पर बाजी कौन सी फिल्म मारेगी. अब इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ और सनी देओल की ‘लाहौर 1947’ के बीच क्लैश होने वाला है. ‘लाहौर 1947’ 13 अगस्त को रिलीज होने के लिए तय है. वहीं इमरान ने भी अपनी फिल्म 14 अगस्त को रिलीज करने का फैसला किया है.

अब ‘लाहौर 1947’ और ‘आवारापन 2’ में से कौन सी फिल्म बाजी मारती है, ये तो रिलीज के बाद ही पता चलेगा. हालांकि, ये पहली बार नहीं जब दोनों स्टार की फिल्मों के बीच टक्कर होने वाली है. बल्कि 19 साल पहले भी दोनों की फिल्मों के बीच क्लैश हो चुका है. खास बात ये है कि उस समय भी सनी की फिल्म का क्लैश इमरान की ‘आवारापन’ से हुआ था, जिसका अब सीक्वल आ रहा है.
‘आवारापन’ और ‘अपने’ का क्लैश
29 जून साल 2007 को ‘आवारापन’ रिलीज हुई थी. उसी दिन आई थी की ‘अपने’, जिसमें उनके साथ उनके पिता धर्मेंद्र और उनके छोटे बाई बॉबी देओल भी नजर आए थे. ‘अपने’ की रिलीज की वजह से इमरान हाशमी की फिल्म को नुकसान उठाना पड़ा था. इतना ही नहीं उसी दिन हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘आपका सुरूर’ भी आई थी. ‘आवारापन’ की तुलना में इन दोनों पिक्चर्स को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था.
‘आपका सुरूर’ और ‘अपने’ की कमाई
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार ‘आपका सुरूर’ का बजट 9 करोड़ रुपये था. वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 19.16 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था. ‘अपने’ का बजट 20 करोड़ रुपये था और इस फिल्म ने भी दुनियाभर से 39.28 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. इन दोनों फिल्मों नें अच्छा परफॉर्म किया था, लेकिन इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ डिजास्टर रही थी.
‘आवारापन’ का बजट और कलेक्शन
‘आवारापन’ का बजट 18 करोड़ रुपये था, लेकिन वर्ल्डवाइड ये फिल्म सिर्फ 12.25 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी और डिजास्टर रही थी. हालांकि, रिलीज के बाद धीरे-धीरे इस फिल्म को काफी लोकप्रियता मिली, लोगों ने ‘आवारापन’ को काफी पसंद किया और ये फिल्म कल्ट बन गई. इससे जाहिर है कि अगर उस समय ‘अपने’ और ‘आपका सुरूर’ रिलीज नहीं होती तो ‘आवारापन’ अच्छा परफॉर्म कर सकती थी.
–
आवारापन 2 Vs लाहौर 1947
अब 19 सालों के बाद सनी देओल और इमरान हाशमी एक बार फिर से सिनेमाघरों में आमने-सामने होंगे. अब देखना होगा कि इमरान ‘आवारापन 2′ के जरिए सनी देओल से अपने पुराने क्लैश का बदला लेते हैं और लाहौर 1947’ की कमाई पर असर डालते हैं या फिर ‘लाहौर 1947’ उनकी फिल्म पर ही भारी पड़ जाती है.





