Agra Teacher Murder: आगरा में 50 साल के मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्या के पीछे उनकी ही पूर्व छात्रा निकली। छात्रा का आरोप है कि टीचर ने उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। इससे परेशान होकर उसने अपने बॉयफ्रेंड निखिल को पूरी बात बताई। इसके बाद बॉयफ्रेंड ने कोचिंग सेंटर में घुसकर टीचर की गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखकर फरार हो गया। टीचर का शव 4 दिन तक कोचिंग के बेसमेंट में पड़ा रहा।

कोचिंग में मिला टीचर का खून से लथपथ शव
ओमप्रकाश यादव 2 नवंबर को अपनी कोचिंग पहुंचे थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 6 नवंबर को कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जगदीशपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कोचिंग का दरवाजा खोलकर जांच की। अंदर बेसमेंट में टीचर का क्षतविक्षत शव पड़ा था। आसपास काफी खून फैला हुआ था।
ब्लैकबोर्ड पर लिखा मिला ‘ओपी यादव रेपिस्ट’
पुलिस को कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखा मिला। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में टीचर के शरीर पर चोट के 9 निशान मिले। इनमें 7 निशान धारदार हथियार से किए गए वार के थे। जांच में पता चला कि टीचर का मोबाइल और स्कूटी भी गायब है। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की।
कॉल डिटेल से पूर्व छात्रा तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे मोबाइल नंबर की जानकारी मिली, जिस पर टीचर की लगातार बातचीत होती थी। पता चला कि यह नंबर उनकी पूर्व छात्रा का है। पुलिस ने छात्रा को पूछताछ के लिए बुलाया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह किया और कहा कि टीचर बहुत अच्छे थे। लेकिन जब पुलिस ने कॉल डिटेल और मैसेज दिखाए तो वह रोने लगी और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि टीचर ने स्नैपचैट के जरिए उसकी अश्लील तस्वीरें बना ली थीं। वह तस्वीरें दिखाकर उसे ब्लैकमेल करते थे और अश्लील मैसेज भेजते थे। टीचर की इन हरकतों से वह परेशान हो गई थी। उसने यह बात अपने बॉयफ्रेंड निखिल को बताई। इसके बाद दोनों ने टीचर को सबक सिखाने की योजना बनाई।
बॉयफ्रेंड ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
छात्रा के मुताबिक, 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग पहुंचा। उसने टीचर से उसकी गर्लफ्रेंड को परेशान नहीं करने के लिए कहा। इस बात पर ओमप्रकाश ने उसे डांट दिया। इसी दौरान निखिल ने जेब से चाकू निकाला और उनका गला काट दिया। टीचर फर्श पर गिरकर तड़पने लगे तो निखिल ने उनकी छाती, सिर और गर्दन पर भी कई वार किए। हत्या के बाद वह टीचर का मोबाइल और स्कूटी लेकर फरार हो गया।
30 साल से आगरा में रह रहे थे ओमप्रकाश
ओमप्रकाश यादव मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले थे। वह करीब 30 साल से आगरा में रह रहे थे और उन्होंने शादी नहीं की थी। आवास विकास कॉलोनी में उनका अपना घर था। वह सेक्टर7 के शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में मैथ पढ़ाते थे। इसके अलावा सेक्टर3 के वीएस प्लाजा में उनकी कोचिंग भी चलती थी।