सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स इवेंट के सेमीफाइनल में 30 मई को उस समय बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब भारत की स्टार जोड़ी सात्विक-चिराग ने मौजूदा वर्ल्ड नंबर-1 जोड़ी साउथ कोरिया की किम वोन हो और सियो सेउंग जे को लगातार दो सेट में मात देने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया। सात्विक-चिराग जो अभी मौजूदा नंबर-4 की जोड़ी है उनके लिए ये मुकाबला आसान नहीं रहा जिसमें उन्हें मैच को अपने नाम करने लिए लगभग एक घंटे तक कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
Khabar Monkey

दोनों ही सेट में सात्विक और चिराग को मिली कड़ी टक्कर
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को इस मैच में जीत का प्रबल दावेदार नहीं माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने सभी को अपने शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर जवाब देते हुए फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया। इस सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली जिसमें पहले सेट को लेकर बात की जाए तो उसमें ब्रेक लिए जाने तक साउथ कोरिया की जोड़ी 13-11 से आगे थे, लेकिन इसके बाद चिराग-सात्विक ने शानदार वापसी करने के साथ पहले सेट को 21-19 के अंतर से अपने नाम करने के साथ मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली। अब दूसरे सेट में भी साउथ कोरिया की नंबर-1 जोड़ी एक समय 14-11 के अंतर से आगे चल रही थी, लेकिन सही समय पर सात्विक-चिराग ने वापसी करने के साथ 21-18 से मैच जीतने के साथ फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया।
फाइनल में इंडोनेशिया की जोड़ी से होगा सामना
चिराग-सात्विक की जोड़ी जो अपने करियर में पहली बार सिंगापुर ओपन सुपर 750 के पुरुष डबल्स के फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं उनकी नजरें अब खिताब जीतने पर हैं। 31 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले में सात्विक-चिराग का सामना इंडोनेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिक्री से होगा जिन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में चीन के लियांग वेई कांग और चांग वांग की जोड़ी को लगातार 2 सेट 23-21 और 21-4 के अंतर से मात देने के साथ खिताबी मैच के लिए अपनी जगह को पक्का किया है।





