Bulandshahr Tragic Road Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गहरी झड़ी में जा गिरी. हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार चार दोस्त अंदर ही फंस गए. इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
Khabar Monkey

जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव निवासी शिवम और दीपक अपने दो दोस्त विशाल और आर्यन के साथ बुधवार रात वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे. चारों दोस्त स्कॉर्पियो कार में सवार होकर मेरठ-बदायूं हाईवे से गुजर रहे थे, तभी रात करीब 12:30 बजे के आसपास कार अचानक बेकाबू हो गई. तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कार हाईवे किनारे 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी.
कार में फंसे गए थे चारों दोस्त
हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार की छत और दरवाजे बुरी तरह दब गए, जिससे चारों दोस्त अंदर ही फंस गए. पीछे बैठे युवक सीट और छत के बीच दब गए, जबकि चालक स्टेरिंग और इंजन के बीच फंस गया था. हादसे के बाद काफी देर तक चारों कार में तड़पते रहे. कुछ देर बाद राहगीरों ने झाड़ियां में कार की लाइट जलते देख पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही गुलावठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
तीन युवकों की मौत
काफी मशक्कत के बाद कार की छत काटकर घायलों को बाहर निकाला गया. चारों युवको को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक दीपक और आर्यन की मौत हो चुकी थी. वहीं, शिवम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में घायल विशाल की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जिसे मेरठ रेफर किया गया है. मृतकों के परिजनों में हादसे के बाद कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि दीपक और आर्यन नोएडा के एक मॉडल शॉप में काम करते थे, जबकि दोनों के परिवार खेती किसानी से जुड़े हुए हैं. शिवम और दीपक अपने परिवार के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं.
तेज रफ्तार बनी काल
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि देर रात सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.





